तीन तलाक और हलाला के दर्द ने बनाया भोलेनाथ का भक्त, गाजियाबाद की मुस्लिम महिला ने उठाई कांवड़, पढ़ें अनीसा बानो की भावुक कहानी

तीन तलाक और हलाला की पीड़िता अनीसा बानो हरिद्वार से गाजियाबाद तक कांवड़ यात्रा कर रही हैं। अनीसा के साथ तमन्ना मलिक और एक्स-मुस्लिम सलीम वास्तिक भी शामिल हैं। जानिए अनीसा की पूरी कहानी, तीन तलाक के आरोप, हलाला विवाद और कांवड़ यात्रा से जुड़ी हर जानकारी...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 8 August 2026, 2:35 PM IST

Ghaziabad: हरिद्वार से गाजियाबाद लौट रही एक कांवड़ यात्रा इन दिनों चर्चा में है। वजह है इसमें शामिल तीन तलाक और हलाला की पीड़िता अनीसा बानो। अनीसा का कहना है कि जिस दर्द और संघर्ष से वह गुजरीं, उसके बाद अब उन्हें किसी फतवे या विरोध का डर नहीं है। वह भोलेनाथ की भक्ति में कांवड़ लेकर अपने घर लौट रही हैं। उनके साथ संभल की तमन्ना मलिक और खुद को एक्स-मुस्लिम बताने वाले सलीम वास्तिक भी इस यात्रा का हिस्सा हैं।

पति पर लगाए तीन तलाक और हलाला के आरोप

अनीसा बानो ने आरोप लगाया कि उनके पति ने उन्हें तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया था और बाद में हलाला के लिए दबाव बनाया गया। उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद इंसाफ के लिए उन्हें लंबी कानूनी और सामाजिक लड़ाई लड़नी पड़ी। अनीसा का कहना है कि उनके साथ जो कुछ हुआ, वह उनकी पहचान और हालात से जुड़ा था। उन्होंने कहा कि उन्हें किसी भी तरह के विरोध या फतवे का डर नहीं है। उनके मुताबिक, भगवान भोलेनाथ में उनकी आस्था है और वह अपने विश्वास के रास्ते पर आगे बढ़ रही हैं।

2012 में हुआ था निकाह, दो बच्चों की मां हैं अनीसा

अनीसा ने बताया कि उनका निकाह 19 मई 2012 को राजस्थान के नागौर जिले के डेगाना निवासी इरफान राव से हुआ था। उनके दो बच्चे हैं, जिनमें 12 साल की बेटी और सात साल का बेटा शामिल है। उन्होंने बताया कि शादी के कुछ साल बाद ससुराल में विवाद और प्रताड़ना शुरू हो गई थी। दिसंबर 2024 में पारिवारिक विवाद के दौरान पति ने उन्हें तीन तलाक दे दिया। इसके बाद हलाला के लिए दबाव बनाए जाने का आरोप भी लगाया गया।

तमन्ना मलिक भी कांवड़ यात्रा में शामिल

संभल की रहने वाली तमन्ना मलिक भी अपने हिंदू पति अमन त्यागी के साथ कांवड़ यात्रा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महादेव के भक्त किसी से नहीं डरते। तमन्ना ने महिलाओं की स्थिति को लेकर अपनी राय रखते हुए कहा कि महिलाओं को सम्मान मिलना जरूरी है। उन्होंने मौलाना साजिद रशीदी के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने गलत काम करने वालों को शिवभक्त नहीं बल्कि आतंकवादी बताया था। तमन्ना ने इस बयान की आलोचना की।

सलीम वास्तिक भी यात्रा का हिस्सा

गाजियाबाद निवासी सलीम वास्तिक भी अनीसा के साथ कांवड़ लेकर चल रहे हैं। वह खुद को एक्स-मुस्लिम बताते हैं और सोशल मीडिया पर धार्मिक मुद्दों से जुड़े वीडियो बनाते रहे हैं। सलीम मूल रूप से शामली जिले के रहने वाले हैं। करीब 20 साल पहले वह गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में आकर बस गए थे। शुरुआत में वह निर्माण कार्य से जुड़े थे, लेकिन बाद में धार्मिक बहसों और सामाजिक मुद्दों पर वीडियो बनाने लगे।

फरवरी में हुआ था सलीम पर हमला

सलीम वास्तिक पर 27 फरवरी 2026 को उनके ऑफिस में हमला हुआ था। पुलिस के अनुसार, बाइक सवार नकाबपोश हमलावरों ने उन पर चाकू से हमला किया था। हमले के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चला। इस मामले में पुलिस ने कुछ आरोपियों को नामजद किया था। सलीम का कहना है कि उन्हें अपने विचारों को लेकर विरोध और धमकियों का सामना करना पड़ा है।

Location :  Ghaziabad

Published :  8 August 2026, 1:04 PM IST