Sonbhadra Accident: चहलवा घाटी में खड़े ट्रक से टकराई पिकअप, हादसे में चालक समेत दो युवकों की मौत

सोनभद्र के मधुपुर क्षेत्र में मंगलवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सुकृत के चहलवा घाटी में पिकअप खड़े ट्रक से टकरा गई, जिसमें पिकअप चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक बलिया से सामान उतारकर दुद्धी लौट रहे थे।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 23 September 2026, 10:04 AM IST

सोनभद्र: सोनभद्र जिले के मधुपुर क्षेत्र में मंगलवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। सुकृत के चहलवा घाटी में एक पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में पिकअप चालक समेत दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के कटौली गांव निवासी 35 वर्षीय सद्दाम खान और कादल गांव निवासी 26 वर्षीय रविंद्र कुमार के रूप में हुई है।

बलिया से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, सद्दाम खान अपनी पिकअप से दोस्त रविंद्र कुमार के साथ बलिया गए थे। दोनों वहां सामान पहुंचाने के बाद दुद्धी वापस लौट रहे थे।

बताया गया कि दुद्धी कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक मिट्ठू प्रसाद का गैर जनपद तबादला हो गया था। मंगलवार दोपहर सद्दाम अपनी पिकअप से दरोगा के घर का सामान लेकर बलिया पहुंचाने गए थे।

सामान उतारने के बाद देर रात दोनों वापस घर लौट रहे थे।

टक्कर इतनी तेज कि पिकअप के उड़े परखच्चे

जैसे ही पिकअप सुकृत के चहलवा घाटी पहुंची, वहां सड़क किनारे खड़े ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही सुकृत चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को मधुपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

परिवारों में मचा कोहराम

पुलिस ने मृतकों की पहचान कर घटना की जानकारी परिजनों को दी। देर रात परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे।

सद्दाम खान के पिता बशीर खान ने बताया कि सद्दाम परिवार में बड़ा बेटा था। उसकी शादी छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज निवासी रुबीना से हुई थी। उसके दो बच्चे हैं।

वहीं, रविंद्र कुमार उर्फ सोनू के पिता अमरजीत कुशवाहा ने बताया कि रविंद्र तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी शादी पांच साल पहले हुई थी और उसके एक बेटा व एक बेटी है।

पुलिस जांच में जुटी

परिजनों के अनुसार, दोनों युवक दुद्धी कोतवाली के तत्कालीन उपनिरीक्षक मिट्ठू प्रसाद का सामान पहुंचाने बलिया गए थे। लौटते समय यह हादसा हुआ।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Location :  Sonbhadra

Published :  23 September 2026, 10:04 AM IST