सीतापुर: भतीजे ने चाची पर कुल्हाड़ी से किया हमला, 60 वर्षीय महिला की मौत

सीतापुर के सुजौलिया गांव में भतीजे ने कथित तौर पर अपनी 60 वर्षीय चाची रामदेवी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। महिला की मौत हो गई और आरोपी हिरासत में है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 16 October 2026, 5:28 PM IST

सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में दिनदहाड़े हत्या की वारदात से हड़कंप मच गया। कमलापुर थाना क्षेत्र के सुजौलिया गांव में शुक्रवार को एक युवक ने अपनी 60 वर्षीय चाची पर कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें लगने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी भतीजे प्रदीप उर्फ समदू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

भतीजे के घर पहुंची थीं रामदेवी

जानकारी के मुताबिक, रामदेवी पत्नी स्वर्गीय श्रीराम शुक्रवार को अपने भतीजे प्रदीप के घर आई थीं। इसी दौरान प्रदीप ने कथित तौर पर उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में रामदेवी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। गंभीर चोटों के चलते उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

दिनदहाड़े वारदात से गांव में मचा हड़कंप

घटना की जानकारी फैलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से गांव में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर कमलापुर थाना प्रभारी इतुल चौधरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की।

आरोपी हिरासत में, पूछताछ जारी

पुलिस ने आरोपी प्रदीप उर्फ समदू को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Location :  Sitapur

Published :  16 October 2026, 5:28 PM IST