
कुशीनगर में बेहद खास अंदाज में मनाया गणतंत्र दिवस
Kushinagar: जनपद में 76वां गणतंत्र दिवस Police Line परिसर में बेहद हर्षोल्लास, अनुशासन और गरिमामय माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि राज्य मंत्री विजया लक्ष्मी गौतम रहीं। पूरे समारोह में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का उत्साह देखने को मिला।
ध्वजारोहण और परेड
मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाने के बाद पूरे परिसर में राष्ट्रगान गूंजा। शांति और एकता का प्रतीक गुब्बारे आकाश में छोड़े गए, जिससे वातावरण भावनाओं से भर गया। इसके बाद मंत्री विजया लक्ष्मी गौतम ने पुलिस बल की परेड का निरीक्षण किया और उनके अनुशासन व कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।
संविधान और राष्ट्र निर्माण पर संदेश
मुख्य अतिथि ने समारोह में कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक पर्व नहीं बल्कि हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और संघर्ष की याद दिलाने वाला दिन है। उन्होंने बताया कि भारतीय संविधान विश्व का सबसे व्यापक और सशक्त संविधान है, जो प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देता है। साथ ही यह हमें अपने कर्तव्यों की याद भी दिलाता है, जिससे राष्ट्र की एकता और अखंडता मजबूत होती है।
विकास और जनकल्याण पर जोर
राज्य मंत्री ने कहा कि भारत हर क्षेत्र चिकित्सा, शिक्षा, रोजगार, कृषि, उद्योग और डिजिटल में तेजी से विकास कर रहा है। सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग तक विकास की रोशनी पहुंचाने के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है। उन्होंने पीएम मोदी के विजन-2047 का जिक्र करते हुए कहा कि 2047 तक भारत को पूर्ण रूप से विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने के लिए सभी नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
सम्मान समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम
कार्यक्रम में पुलिस विभाग के उत्कृष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्य अतिथि, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के साथ सम्मानित किया। इसके बाद विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर विधायक डा. असीम कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सावित्री जायसवाल, पूर्व अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, जिला जज संजीव कुमार त्यागी, जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, पुलिस अधीक्षक केशव कुमार सहित जनपद स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। पूरे परिसर में देशभक्ति और उल्लास का माहौल नजर आया।
Location : Kushinagar
Published : 27 January 2026, 2:16 AM IST
Topics : Constitution Awareness Kushinagar Republic Day Police Line Ceremony Republic Day parade Vijayalakshmi Gautam