
रायबरेली जिला अस्पताल के दवा काउंटर पर भारी भीड़ (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Raebareli: जनपद के जिला अस्पताल में सोमवार सुबह स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति एक बार फिर स्पष्ट रूप से सामने आई। सुबह करीब 9 बजे अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके तीमारदारों की भारी भीड़ देखने को मिली। पर्चा काउंटर से लेकर दवा वितरण कक्ष और ओपीडी तक हर जगह लंबी कतारें लगी रहीं, जिससे मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
अस्पताल के पर्चा काउंटर पर सबसे अधिक भीड़ देखी गई। सुबह से ही बड़ी संख्या में मरीज पर्चा बनवाने के लिए कतार में खड़े रहे। स्थिति यह रही कि कई लोगों को घंटों तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण काउंटर पर अव्यवस्था फैल गई और लोगों में असंतोष बढ़ता गया।
मरीजों और तीमारदारों का कहना है कि व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और भीड़ के अनुपात में काउंटरों की संख्या बेहद कम है।
Raebareli: गर्मियों की छुट्टियों में गांव घूमने आये परिवार के साथ हुई ये कभी न भूलने वाली घटना
कतार में खड़े मरीजों ने गंभीर आरोप लगाए कि पर्चा काउंटर पर तैनात कुछ कर्मियों और सुरक्षा कर्मियों की मिलीभगत से “सेटिंग” के आधार पर कुछ लोगों के पर्चे अंदर से पहले ही बनवा दिए जाते हैं। इससे सामान्य मरीजों को लंबी कतारों में खड़े रहने के बावजूद देर तक इंतजार करना पड़ता है।
इस कथित मनमानी को लेकर कतार में खड़े लोगों में काफी नाराजगी देखने को मिली और उन्होंने व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।
अस्पताल के दवा वितरण कक्ष पर भी स्थिति बेहतर नहीं रही। यहां भी मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं और दवा लेने के लिए लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
मरीजों और परिजनों का आरोप है कि कई आवश्यक दवाएं पिछले कई दिनों से उपलब्ध नहीं हैं। समय पर दवाओं की आपूर्ति न होने के कारण मरीजों को बाहर से महंगी दवाएं खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इससे गरीब मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
ओपीडी कक्षों के बाहर भी मरीजों की भारी भीड़ देखने को मिली। लंबी कतारों के कारण कई मरीज समय पर चिकित्सकीय परामर्श नहीं प्राप्त कर सके। इससे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
अव्यवस्थित भीड़ प्रबंधन के चलते ओपीडी सेवाएं भी प्रभावित होती नजर आईं।
सबसे चिंताजनक स्थिति उन मरीजों की रही जो चलने-फिरने में असमर्थ थे। अस्पताल परिसर में पर्याप्त व्हीलचेयर उपलब्ध न होने के कारण परिजनों को मजबूरी में मरीजों को सहारा देकर या जमीन पर घसीटते हुए ओपीडी तक ले जाना पड़ा।
यह दृश्य अस्पताल की व्यवस्थाओं और सुविधाओं की कमी को उजागर करता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कभी डॉक्टरों की कमी तो कभी स्वास्थ्य कर्मियों की अनुपस्थिति के कारण अस्पताल की सेवाएं प्रभावित रहती हैं। इसके चलते मरीजों को सही समय पर इलाज नहीं मिल पाता और उन्हें भटकना पड़ता है।
लगातार बढ़ती अव्यवस्थाओं से परेशान मरीजों और तीमारदारों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। लोगों का कहना है कि अस्पताल में पर्चा काउंटरों की संख्या बढ़ाई जाए, दवा काउंटरों पर पर्याप्त व्यवस्था की जाए, व्हीलचेयर उपलब्ध कराई जाएं तथा चिकित्सकीय सेवाओं को दुरुस्त किया जाए, ताकि मरीजों को राहत मिल सके।
Location : Raebareli
Published : 1 June 2026, 3:49 PM IST
Topics : Healthcare Crisis Hospital Corruption OPD Rush Public Health Issue raebareli district hospital