पुलिसकर्मियों की नहीं चलेगी मनमानी, UP Police के लिए नया फरमान, करना होगा ये काम नहीं तो…

आगरा में यातायात पुलिस ने बड़ा अभियान शुरू किया है। अब पुलिसकर्मियों को भी हेलमेट और सीट बेल्ट जैसे ट्रैफिक नियमों का पालन करना होगा। नियम तोड़ने पर चालान के साथ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी। इसके अलावा हाईवे पर गलत तरीके से बस खड़ी करने और कारों में ब्लैक फिल्म लगाने वालों पर भी कार्रवाई तेज कर दी गई है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 4 September 2026, 9:07 AM IST

Agra: आगरा में अब यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई होगी। यातायात पुलिस ने गुरुवार से विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत पुलिसकर्मियों को भी सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाना अनिवार्य होगा।

नियम तोड़ने पर चालान के साथ विभागीय कार्रवाई

आगरा एडीसीपी ट्रैफिक अलका सिंह ने बताया कि यातायात नियम सभी लोगों के लिए समान हैं। कई बार शिकायतें मिलती हैं कि कुछ पुलिसकर्मी ही नियमों का पालन नहीं करते हैं। इसी को देखते हुए अभियान की शुरुआत की गई है।

पहले पुलिस लाइन, थानों और अन्य पुलिस कार्यालयों में तैनात कर्मियों को जागरूक किया जाएगा। इसके बाद नियम तोड़ने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाएगी। लापरवाही मिलने पर विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।

हाईवे पर बस खड़ी करने वालों पर भी कार्रवाई

आगरा में रोडवेज और निजी बसों के चालकों द्वारा हाईवे और प्रमुख मार्गों पर बसें खड़ी करने से लगने वाले जाम को लेकर भी यातायात पुलिस ने अभियान चलाया है।

रामबाग, अबुल उलाह दरगाह, सुधा नर्सरी, आईएसबीटी और सिकंदरा क्षेत्र में गलत तरीके से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। बुधवार और गुरुवार को 91 बसों के चालान किए गए।

ब्लैक फिल्म लगाने वाली 61 कारों पर कार्रवाई

यातायात पुलिस ने वाहनों पर लगी ब्लैक फिल्म के खिलाफ भी अभियान चलाया। जांच के दौरान 61 कारों के चालान किए गए और कई वाहनों से ब्लैक फिल्म हटवाई गई।

एडीसीपी ट्रैफिक ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Location :  Agra

Published :  4 September 2026, 8:59 AM IST