दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर NIA Deputy SP की मौत, महिला मित्र गंभीर, ऐसे हुआ हादसा

मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से बाइक घुस जाने से एनआईए (NIA) के डिप्टी एसपी ईशान मेहरा (32) की मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार महिला मित्र पूनम गंभीर रूप से घायल हो गईं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 31 May 2026, 12:25 PM IST

Moradabad: मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से बाइक घुस जाने से एनआईए (NIA) के डिप्टी एसपी ईशान मेहरा (32) की मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार महिला मित्र पूनम गंभीर रूप से घायल हो गईं।

दिल्ली से बाजपुर जा रहे थे दोनों

पुलिस के अनुसार, पंजाब के महोली निवासी ईशान मेहरा दिल्ली में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में डिप्टी एसपी के पद पर तैनात थे। सप्ताहांत की छुट्टी के चलते वह अपनी मित्र पूनम के साथ बाइक से दिल्ली से बाजपुर जा रहे थे। रात करीब 11:30 बजे उनकी बाइक देवापुर गांव के सामने हादसे का शिकार हो गई।

कंटेनर में पीछे से घुसी बाइक

कटघर क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर चलते समय अचानक उनकी बाइक आगे जा रहे कंटेनर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने ईशान मेहरा को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल महिला पूनम का उपचार जारी है।

परिजनों को सौंपा गया शव

हादसे की सूचना मिलते ही ईशान मेहरा की मां पूनम मेहरा, भाई राघव और अन्य परिजन मुरादाबाद पहुंच गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

फरार कंटेनर चालक की तलाश जारी

एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी चालक की तलाश कर रही है।

Location :  Moradabad

Published :  31 May 2026, 12:25 PM IST