
कपड़ा व्यापारी को रुपयों के विवाद में मारी गोली
मेरठ : उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जहां पैसों के लेनदेन के विवाद में कपड़ा व्यापारी को गोली मार दी गई। घटना शुक्रवार देर रात ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के माधव पुरम कॉलोनी की है, जहां तीन लोगों ने व्यापारी को अपने घर बुलाकर पहले तो उसकी पिटाई की और फिर गोली मार दी।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक घायल व्यापारी की पहचान लिसाड़ी गेट के रसीद नगर निवासी यूनुस के बेटे नईम (35 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक नईम पहले फतेहउल्लापुर निवासी इमरान और रसीद नगर के आसिफ और साजिद के साथ प्लाई और माइका के कारोबार में पार्टनर था। पार्टनरशिप टूटने के बाद नईम ने अपना कपड़े का कारोबार शुरू कर दिया।
लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। नईम के मुताबिक इमरान पर 5 लाख और आसिफ-साजिद पर 70-70 हजार रुपये बकाया थे। शुक्रवार रात इमरान ने पैसे लौटाने के बहाने नईम को अपने घर बुलाया। जैसे ही नईम वहां पहुंचा, तीनों ने उस पर हमला कर दिया। पहले उसकी जमकर पिटाई की गई, फिर नईम की जांघ में गोली मार दी गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल नईम को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक गोली उसकी जांघ के आर-पार हो गई है, लेकिन फिलहाल उसकी हालत स्थिर है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल के आधार पर जांच की जा रही है। इस घटना से इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
वही अब देखने वाली बात यह है कि, आखिर कब तक पुलिस की ओर से पीड़िता को न्याय मिलता है।
Location : Meerut
Published : 31 May 2025, 11:19 AM IST
Topics : Brahmapuri police station incident cloth merchant attack Meerut firing incident Meerut police case Money Dispute Naeem firing incident