
मैनपुरी बालाजी धाम मंदिर (फोटो: डाइनामाइट न्यूज़)
Mainpuri: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जनपद के थाना एलाऊ क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम ढकपुरा और नगला जसी में स्थित प्रसिद्ध मंदिर का मुख्य रास्ता (चकरोड) दबंगों द्वारा काटे जाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में मंदिर के पुजारियों ने एकजुट होकर जिलाधिकारी (DM) मैनपुरी को एक शिकायती पत्र सौंपकर चकरोड को अतिक्रमण मुक्त कराने और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तहसील भोगांव के थाना एलाऊ क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम ढकपुरा निवासी पुजारियों ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि नगला जसी में 'बालाजीधाम मंदिर' और 'ब्रह्मदेव मंदिर' स्थित हैं। इन मंदिरों में दूर-दूर से श्रद्धालु और यात्री दर्शन के लिए आते हैं। मंदिर तक पहुँचने के लिए पहले से एक सरकारी चकरोड (रास्ता) बना हुआ था, जिससे होकर सभी श्रद्धालु आसानी से आते-जाते थे। यह चकरोड मौजा हथपऊ/आँग के अंतर्गत आता है।
ये भी पढ़ें: Mainpuri: SDM के बाद अब DM की चौखट पर न्याय की गुहार, सरकारी सिंचाई व्यवस्था ठप होने से किसे भुगतना पड़ रहा खामियाजा
मुख्य पुजारी उपदेश पुजारी एवं अन्य समस्त पुजारियों का आरोप है कि मंदिर के निकट स्थित खेतों के कुछ स्थानीय भूमिधरों (जमीन मालिकों) ने नियम-कानूनों को ताक पर रखकर चकरोड को काट दिया है और उसे अपने खेतों में मिला लिया है। रास्ता छोटा और बाधित हो जाने के कारण यहाँ आने-जाने वाले श्रद्धालुओं और आम राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायती पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि जब पीड़ित पक्ष और पुजारियों ने इस अवैध कदम का विरोध किया और संबंधित भूमिधरों से बात करने की कोशिश की, तो वे लोग गाली-गलौज और लड़ाई-झगड़ा करने पर आमादा हो गए। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो चुकी है कि वहाँ कभी भी बड़ा विवाद या हिंसक टकराव होने की आशंका बनी हुई है।
ये भी पढ़ें: Mainpuri: साहब, मेरी बेटी को फिर छीन ले गए दबंग… लाचार मां की चीख से कांपा SP दफ्तर
पुजारियों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेते हुए उक्त विवादित चकरोड की पैमाइश कराकर उसे तत्काल अवैध कब्जे से मुक्त कराने की गुहार लगाई है, तो वहीं जिलाधिकारी डॉक्टर इंद्रमणि त्रिपाठी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं और वही सभी पुजारियों को न्याय का आश्वासन दिया है।
Location : Mainpuri
Published : 10 July 2026, 2:51 PM IST
Topics : Balaji Dham Mandir Chakroad Atikraman Mainpuri dm indramani tripathi Elau Thana Mainpuri mainpuri news