Kannauj Road Accident: दो हादसों में महिला और युवक की मौत, परिवारों में मचा कोहराम

कन्नौज जिले में मंगलवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। तिर्वा में मंदिर जाने के लिए सड़क पार कर रही महिला को तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी, जबकि सौरिख क्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक युवक की जान चली गई। पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई शुरू कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 22 September 2026, 3:30 PM IST

कन्नौज: जिले में मंगलवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। तिर्वा और सौरिख थाना क्षेत्रों में हुए इन हादसों के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मंदिर जाने निकली महिला को पिकअप ने मारी टक्कर

पहला हादसा तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के गमीसपुर गांव के पास हुआ। यहां मंदिर जाने के लिए सड़क पार कर रही महिला को तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी।

मृतका की पहचान उमा पत्नी बबलू निवासी भवन नवादा, बिल्हौर, कानपुर नगर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उमा एक दिन पहले ही अपने मायके आई थीं और मंगलवार को मंदिर जाने के लिए घर से निकली थीं।

हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिजनों में मचा कोहराम

महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पिकअप चालक के संबंध में पुलिस जांच कर रही है।

दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, युवक की मौत

दूसरा हादसा सौरिख थाना क्षेत्र के नादेमऊ कस्बे के पास हुआ। मंगलवार सुबह तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई।

इस हादसे में बाइक सवार सुरेंद्र पुत्र महावीर निवासी नादेमऊ की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सुरेंद्र सुबह बाइक से सब्जी लेकर घर लौट रहा था, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई।

एक बाइक सवार घायल, जांच में जुटी पुलिस

टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। हादसे में दूसरी बाइक पर सवार युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए भेजा गया है।सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की जानकारी के बाद मृतक के परिवार में मातम छा गया।

 ऑटो अनियंत्रित होकर पलटा,  वृद्ध की मौत

तेज रफ़्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पलटा जिससे एक वृद्ध की मौत हो गई। तिर्वा से रमाकांत ऑटो से कानपुर जा रहे थे, ऑटो  सदर कोतवाली क्षेत्र के पाल चौराहे के पास पलट  गई, उसमें बैठी अन्य सवारियां चोटिल हो गई। मौके पर पहुँची पुलिस ने परिजनों को दी सूचना।

Location :  Kannauj

Published :  22 September 2026, 3:15 PM IST