
प्रतीकात्मक छवि
हाथरस: उत्तर प्रदेश के हाथरस में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे लोगों और पहली बार वोट डालने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए आज विशेष मौका है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शनिवार, 17 अक्टूबर को जिले के सभी संबंधित मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं। यहां बूथ लेवल अधिकारी (BLO) सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे। पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम हटाने पर आपत्ति दर्ज कराने और विवरण में संशोधन के लिए आवेदन कर सकेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक, विशेष कैंप हाथरस जिले के तीन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में आयोजित किए जाएंगे। इनमें 78-हाथरस (अजा), 79-सादाबाद और 80-सिकंदराराऊ शामिल हैं। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिक और पहली बार मतदाता बनने वाले युवा इन कैंपों में आवेदन कर सकते हैं।
विशेष कैंप में मतदाता सूची से संबंधित तीन तरह के आवेदन की सुविधा मिलेगी। पहली बार मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरना होगा। किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराने या नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 का इस्तेमाल किया जा सकेगा। वहीं, मतदाता सूची में दर्ज जानकारी में सुधार कराने या उसी विधानसभा क्षेत्र में एक मतदान केंद्र से दूसरे केंद्र पर नाम स्थानांतरित कराने के लिए फॉर्म-8 भरना होगा।
आवेदन करने वाले नागरिकों को अपनी नवीनतम फोटो, जन्मतिथि और निवास से संबंधित दस्तावेजों की स्व-प्रमाणित प्रतियां साथ लाने की सलाह दी गई है। परिवार के किसी सदस्य के मतदाता फोटो पहचान पत्र (EPIC) का नंबर उपलब्ध होने पर उसे भी साथ रखना उपयोगी होगा।
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने या विवरण में संशोधन के लिए नागरिक ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं। इसके लिए निर्वाचन आयोग के ECINET मोबाइल ऐप या आधिकारिक वेबसाइट voters.eci.gov.in का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा मतदान केंद्रों पर बीएलओ और पदाभिहित अधिकारी से निर्धारित फॉर्म प्राप्त कर आवेदन जमा किए जा सकते हैं। तहसील कार्यालयों में स्थापित मतदाता पंजीकरण केंद्र और जिला निर्वाचन कार्यालय से भी फॉर्म उपलब्ध होंगे।
निर्वाचन विभाग ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं और मतदाता सूची में अपना नाम तथा दर्ज विवरण जांच लें, ताकि मतदान के समय किसी तरह की परेशानी न हो।
Location : Hathras
Published : 17 October 2026, 10:08 AM IST