
घटना के बाद विलाप करते हुए परिजन (Image: Dynamite News)
Hathras News: हाथरस में एक युवक की मौत से परिवार की खुशियां उजड़ गई। कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र में मंगलवार सुबह गंगौली रेलवे फाटक के पास एक युवक गंभीर हालत में मिला। उसे सरकारी एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सोमवार रात युवक का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद वह घर से निकल गया था। आशंका है कि युवक ने आत्महत्या की है। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक की पहचान एटा जिले के जलेसर कोतवाली क्षेत्र के गांव पवरा निवासी 32 वर्षीय रामप्रवेश पुत्र भीकम सिंह के रूप में हुई है। बताया गया है कि रामप्रवेश राजस्थान में नौकरी करता था। करीब पांच साल पहले उसकी शादी हुई थी। परिवार में पत्नी के अलावा दो छोटे बच्चे हैं।
घटना के बाद विलाप करते हुए परिजन (Image: Dynamite News)
रामप्रवेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, दो छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।
परिजनों के मुताबिक, सोमवार रात रामप्रवेश का किसी बात को लेकर अपनी पत्नी से विवाद हो गया था। इसके बाद वह घर से निकल गया। मंगलवार सुबह उसके गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई।
परिजनों ने पत्नी से हुए विवाद को आत्महत्या की संभावित वजह बताया है। हालांकि, अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। रामप्रवेश किन परिस्थितियों में रेलवे फाटक के पास पहुंचा और घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था, इसका पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
मंगलवार सुबह गंगौली रेलवे फाटक के पास स्थानीय लोगों ने रामप्रवेश को गंभीर हालत में पड़ा देखा। इसके बाद लोगों ने सरकारी एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस कर्मी युवक को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। घटना से पहले की परिस्थितियों और मौत के वास्तविक कारणों की जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
Location : Hathras
Published : 24 November 2026, 4:48 PM IST
Topics : Gangoli Railway Crossing Hathras Junction hathras news Hathras Police Rampravesh Death Case