
सनकी युवक
Meerut: मोदीपुरम इलाके में उस वक्त अचानक दहशत फैल गई जब दिनदहाड़े एक सिरफिरे शख्स ने फरसा लहराते हुए राह चलते लोगों और स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं पर हमला बोल दिया। घटना ईशा प्लाईवुड के सामने की बताई जा रही है। जहां अचानक चीख-पुकार मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। किसी को समझ ही नहीं आया कि आखिर कुछ ही पलों में ऐसा क्या हो गया कि शांत दिखने वाला इलाका रणक्षेत्र में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावर के हाथ में फरसा था और वह बिना कुछ सोचे-समझे सामने आने वाले लोगों पर वार करता जा रहा था। इसी दौरान उसने एक व्यक्ति की गर्दन पर जोरदार हमला कर दिया। घायल व्यक्ति लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे संभाला और अस्पताल पहुंचाया। इसके अलावा कई अन्य लोग भी हमले में जख्मी हुए हैं। अस्पताल सूत्रों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
हमले के दौरान पास के स्कूल की छात्राएं भी डर के साये में आ गईं। बताया जा रहा है कि हमलावर ने उनकी ओर भी बढ़ने की कोशिश की, लेकिन छात्राएं समय रहते वहां से भाग निकलीं। अगर जरा सी भी देर होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद इलाके में बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में भारी चिंता देखने को मिली। कई लोग स्कूल के बाहर जमा हो गए और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए हमलावर को घेर लिया। काफी मशक्कत के बाद उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
Location : meerut
Published : 18 February 2026, 7:05 PM IST