वेल्डिंग के दौरान हुई शार्ट सर्किट से पीएस कोल्ड स्टोर में लगी भीषण आग, जिसकी वजह से यातायात रहा प्रभावित, मामले की पूरी जानकारी के लिए पढ़िए डाइनामाइट न्यूज की रिपोर्ट

पीएस कोल्ड स्टोर में लगी भीषण आग (सोर्स- इंटरनेट)
बरेली : इज्जतनगर थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आ रही है जहां बाइपास स्थित पीएस कोल्ड स्टोर में भीषण आग लग गयी। आग इतनी भीषण लगी कि चार जिलों की 25 फायर ब्रिगेड गाड़ियों और कर्मचारियों को बुलाना पड़ा। बावजूद इसके देर रात तक आग पर काबू पाना मुश्किल रहा क्योंकि स्टोर में जीरा, मिर्च होने के कारण पानी नीचे तक नहीं पहुंच रहा था।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, ये कोल्ड स्टोर मलपुर निवासी पुत्तू सिंह का है, जहां सब्जियां और फल स्टोर किये जाते हैं। कोल्ड स्टोर में वेल्डिंग का काम किया जा रहा था। इसी दौरान वेल्डिंग के चिनगारी से सब्जियों के ढ़ेर में आग लग गई और पूरी कोल्ड स्टोर चपेट में आ गया। जिसकी लपटों से कई किलोमीटर तक धुंध छा गया और कोल्ड स्टोर पूरी तपह से जल कर राख हो गया।
बरेली के अलावा बदायूं, पीलीभीत और रामपुर से भी फायर ब्रिगेड की 25 गाड़ियों को बुलाया गया और साथ ही इज्जतनगर, बिथरी , सीबीगंज समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। स्टोर मालिक को इस आग की वजह से भारी नुकसान उठाना पड़ा। उस स्टोर में आलू, फल, सब्जियां, जीरा, मिर्च समेत अन्य खाद्य पदार्थ रखे थे। स्टोर मालिक का भारी नुकसान हुआ है लेकिन किसी के जान जाने की खबर नहीं आई है। हालांकि इस आग की घटना से पूरे क्षेत्र से हाहाकार मच गया और पूरे क्षेत्र में अंधेरा छाया रहा।
सात घंटे में फायर कर्मियों ने पूरी तरह आग पर काबू पाया। थाना प्रभारी बिजेन्द्र सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में शार्ट सर्किट और वेल्डिंग के दौरान मिर्च में आग लगने की बात सामने आ रही है। हालांकि, टीम जांच कर रही है। जांच के बाद साफ होगा कि आग कैसे लगी थी। आग लगने के दौरान कुछ समय के लिए यातायात बंद कर दिया गया था।
आग को काबू करने के बाद यातायात शुरू कराया गया क्योंकि आग की लपटें इतनी खतरनाक थी कि गाड़ियों को भी अपने लपेटे में ले सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। जिसकी वजह से उधर से गुजरने वाली सभी वाहनों को जब तक आग पर काबू नहीं पा लिया गया, वाहनों को रोक कर रखा गया।