
बारिश में गिरा विधवा महिला का कच्चा मकान (Img: Dynamite News)
Fatehpur: उत्तर प्रदेश के थरियांव जिले में लगातार हो रही रिमझिम बारिश के बीच गुरुवार भोर पहर हथगांव विकासखंड के मवईया गांव में एक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। हादसे में घर में रह रही विधवा महिला बाल-बाल बच गई। मकान गिरने के बाद महिला के सिर से छत छिन गई और वह खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गई।
मवईया गांव निवासी रामदुलारी पत्नी स्वर्गीय छोटे लाल गांव में अकेले जीवन यापन करती हैं। महिला की कोई संतान नहीं है। कुछ वर्ष पहले बीमारी के चलते उनके पति की मौत हो गई थी। इसके बाद से रामदुलारी कच्चे मकान में रहकर अपना जीवन गुजार रही थीं।
महिला के मुताबिक, उन्होंने सरकारी आवास के लिए ग्राम प्रधान और सचिव से कई बार गुहार लगाई, लेकिन अब तक उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना या किसी अन्य सरकारी आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका।
गुरुवार तड़के रिमझिम बारिश के दौरान अचानक महिला का कच्चा मकान गिर गया। मकान गिरने की आवाज से आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। गनीमत रही कि हादसे के समय महिला सुरक्षित बाहर थी, जिससे उसे किसी तरह की चोट नहीं आई।
हालांकि, मकान गिरने के बाद महिला के पास रहने के लिए कोई सुरक्षित जगह नहीं बची है। घर का सामान भी मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त होने की आशंका है।
मकान गिरने की सूचना मिलने पर राजस्व विभाग को जानकारी दी गई। लेखपाल जंग बहादुर ने बताया कि घर गिरने की सूचना मिली है। मौके पर जाकर जांच की जाएगी और नियमानुसार महिला को सरकारी लाभ दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।
अब देखना होगा कि जांच के बाद विधवा महिला को आवास और अन्य सरकारी सहायता कब तक मिल पाती है।
Location : Fatehpur
Published : 27 August 2026, 6:56 PM IST