आखिर E20 पेट्रोल का कौन सा सच छिपाया जा रहा है? लखनऊ के आंकड़ों ने खोली बड़ी पोल

लखनऊ में ई-20 पेट्रोल को लेकर चल रही बहस के बावजूद सामान्य पेट्रोल की मांग सबसे अधिक बनी हुई है। XP95 और XP100 जैसे प्रीमियम पेट्रोल की बिक्री सीमित रही। वाहन मालिकों ने माइलेज घटने, वाहनों में दिक्कत आने और पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा की स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने पर चिंता जताते हुए पारदर्शिता की मांग की है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 14 July 2026, 10:39 AM IST

Lucknow: लखनऊ में ई-20 (20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित) पेट्रोल को लेकर चल रही बहस और वाहन चालकों की आशंकाओं के बावजूद लोगों की पसंद में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिला है। इंडियन ऑयल के 1 से 9 जुलाई 2026 तक के बिक्री आंकड़ों के अनुसार राजधानी में सबसे अधिक बिक्री सामान्य पेट्रोल की हुई। वहीं प्रीमियम श्रेणी के XP95 की हिस्सेदारी सीमित रही, जबकि लगभग 160 रुपये प्रति लीटर कीमत वाला XP100 पेट्रोल बेहद कम मात्रा में खरीदा गया।

एथेनॉल की जानकारी नहीं मिलने से उपभोक्ता परेशान

वाहन मालिकों का कहना है कि पेट्रोल पंपों पर यह स्पष्ट जानकारी नहीं दी जाती कि किस पेट्रोल में कितना प्रतिशत एथेनॉल मिला हुआ है। इससे उपभोक्ताओं में भ्रम की स्थिति बनी रहती है। उनका कहना है कि यदि हर पंप पर एथेनॉल मिश्रण का प्रतिशत स्पष्ट रूप से लिखा जाए तो वाहन मालिक अपनी जरूरत और वाहन की क्षमता के अनुसार ईंधन का चुनाव कर सकेंगे।

माइलेज और वाहन बंद होने की शिकायतें

राजधानी में कई वाहन चालकों ने दावा किया है कि एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल भराने के बाद उनके वाहनों का माइलेज पहले की तुलना में कम हो गया है। कुछ लोगों ने यह भी शिकायत की कि उनके वाहन चलते-चलते बीच सड़क पर बंद हो जाते हैं। हालांकि इन दावों की आधिकारिक तकनीकी पुष्टि अभी तक नहीं हुई है, लेकिन इन शिकायतों ने उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है।

व्यापारियों ने प्रशासन से की मांग

व्यापारी नेता मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि वाहन मालिक लगातार समस्याओं का सामना कर रहे हैं, लेकिन जिला प्रशासन और तेल कंपनियों की ओर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिल रहा है। उन्होंने मांग की कि सभी पेट्रोल पंपों पर एथेनॉल मिश्रण की जानकारी अनिवार्य रूप से प्रदर्शित की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को सही जानकारी मिल सके।

एक तरफ 111 करोड़ के मालिक प्रशांत किशोर, दूसरी तरफ बिना कार-बंगले वाले भाजपा के नीरज; बांकीपुर का हलफनामा देख जनता हैरान

क्या बदलेंगे नियम?

ई-20 पेट्रोल को बढ़ावा देने की सरकारी नीति के बीच अब पारदर्शिता और उपभोक्ता जागरूकता की मांग भी तेज हो गई है। आने वाले समय में यदि पेट्रोल पंपों पर एथेनॉल प्रतिशत प्रदर्शित करना अनिवार्य किया जाता है, तो इससे उपभोक्ताओं का भरोसा बढ़ सकता है और भ्रम की स्थिति भी कम हो सकती है।

Location :  Lucknow

Published :  14 July 2026, 10:39 AM IST