
देवरिया में तेज रफ्तार का कहर
Deoria: गौरी बाजार थाना क्षेत्र के लवकनी बिरवा गांव के समीप पुलिया के पास शनिवार की रात को अज्ञात वाहन ने एक अधेड़ को जोरदार टक्कर मार दी जिससे शख्स गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद उन्हें इलाज के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज देवरिया पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार विश्वकर्मा चौहान (50) घर से बाजार के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह गांव के समीप स्थित पुलिया के पास पहुंचे, इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
305 करोड़ की सौगात से पहले देवरिया में सियासी हलचल तेज, कार्यकर्ताओं पदाधिकारी को किया हाउस अरेस्ट
घटना के बाद मौके से गुजर रहे राहगीरों ने घायल अवस्था में पड़े विश्वकर्मा चौहान को देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका।
मौत की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
देवरिया में विकास का बड़ा पैकेज, 305 करोड़ की 80 परियोजनाओं को मिली रफ्तार
गौरी बाजार थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद विधि संगत कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है। पुलिस द्वारा आसपास के कई स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि दुर्घटना को अंजाम देकर फरार हुए वाहन का सुराग लगाया जा सके।
अब देखना यह है कि पुलिस की जांच में फरार वाहन और उसके चालक तक कब पहुंच पाती है।
Location : Deoria,
Published : 30 August 2026, 1:38 AM IST