
Deoria: देवरिया जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। तेज बारिश और हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने से सड़कें बाधित हो गईं, जिससे आम लोगों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई निचले इलाकों में जलभराव होने से लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है।
हालांकि आम जनजीवन प्रभावित हुआ है, लेकिन किसानों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई है। लंबे समय से पर्याप्त बारिश का इंतजार कर रहे किसानों को धान की रोपाई में बड़ी मदद मिली है। रुद्रपुर क्षेत्र के किसान विनय यादव ने बताया कि अब सिंचाई के लिए डीजल पर होने वाला अतिरिक्त खर्च बच जाएगा और खेतों में पर्याप्त नमी मिलने से खेती आसान हो गई है।
टड़वा निवासी दिनेश सिंह के अनुसार, ऊंचे खेतों तक भी पर्याप्त पानी पहुंच गया है, जिससे मक्का, तिलहन और अन्य खरीफ फसलों की बुवाई में तेजी आई है। वहीं नारायणपुर निवासी सभापति प्रसाद ने बताया कि अधिक बारिश के कारण निचले इलाकों में फसलों को नुकसान की आशंका भी बनी हुई है। किसान अब ऊंची जमीन पर मक्का और बाजरा जैसी फसलों पर अधिक ध्यान दे रहे हैं।
सलेमपुर–देवरिया मार्ग स्थित खुखुंदू चौराहे पर भारी बारिश के कारण जलभराव हो गया है। सड़क पर पानी भरने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। स्कूली छात्र-छात्राओं, स्थानीय लोगों और राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर यातायात धीमा पड़ गया है।
गोरखपुर में तीन घंटे की बारिश के बाद जो तस्वीर सामने आई, उसने सबको चौंका दिया
बारिश से तापमान में गिरावट आने के कारण लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है, लेकिन प्रशासन के सामने जलनिकासी, गिरे हुए पेड़ों को हटाने और यातायात सामान्य बनाए रखने की चुनौती खड़ी हो गई है। स्थानीय लोग जलभराव वाले क्षेत्रों में जल्द राहत कार्य शुरू करने की मांग कर रहे हैं।
Location : Deoria
Published : 20 July 2026, 5:17 PM IST
Topics : Deoria News Heavy rain Monsoon Update