Deoria News: डीएम के पहुंचते ही खुल गई स्कूलों की पोल, शिक्षक मौजूद फिर भी डिजिटल अटेंडेंस गायब; PTM रजिस्टर ने खोला बड़ा राज

देवरिया के तरकुलवा ब्लॉक के दो स्कूलों में डीएम के औचक निरीक्षण में कई खामियां मिलीं। शिक्षक मौजूद होने के बावजूद डिजिटल अटेंडेंस नहीं लिया जा रहा था। निपुण तालिका गायब मिली और PTM रजिस्टर में शैक्षणिक गुणवत्ता से जुड़े बिंदु दर्ज नहीं थे। BSA को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 10 August 2026, 3:43 PM IST

देवरिया के तरकुलवा ब्लॉक में सोमवार सुबह जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने दो प्राथमिक विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। डीएम ने प्राथमिक विद्यालय कुटहा और प्राथमिक विद्यालय तरकुलवा पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं और शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान शिक्षक मौजूद मिले, लेकिन कई व्यवस्थागत कमियां सामने आईं।

शिक्षक मौजूद, लेकिन डिजिटल अटेंडेंस नहीं

जिलाधिकारी के निरीक्षण में दोनों विद्यालयों में शिक्षक उपस्थित मिले, लेकिन डिजिटल अटेंडेंस नहीं लिया जा रहा था। विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति भी अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिली। इस पर डीएम ने संबंधित प्रधानाध्यापकों को व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए।

निपुण तालिका भी नहीं मिली

निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में निपुण तालिका भी नहीं मिली। जिलाधिकारी ने इसे गंभीरता से लेते हुए प्रधानाध्यापकों को तत्काल निपुण तालिका चस्पा करने के निर्देश दिए। साथ ही बच्चों को निपुण लक्ष्य के अनुरूप शिक्षा देने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

PTM रजिस्टर में भी मिली बड़ी कमी

डीएम ने दोनों विद्यालयों के PTM रजिस्टर की भी जांच की। रजिस्टर में अभिभावकों को बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता, निपुण लक्ष्य, निपुण तालिका और संदर्शिका के उपयोग से संबंधित जानकारी देने का कोई बिंदु दर्ज नहीं था।

इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अभिभावक-शिक्षक बैठक सिर्फ औपचारिकता नहीं होनी चाहिए। इसका उद्देश्य बच्चों की पढ़ाई और शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार होना चाहिए।

BSA को कार्रवाई के निर्देश

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी को शोकॉज नोटिस जारी करने और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूलों में मिली कमियों को तत्काल दूर कराने को कहा गया।

औचक निरीक्षण से व्यवस्था पर सवाल

डीएम के लगातार औचक निरीक्षण के बावजूद सरकारी विद्यालयों में व्यवस्थागत कमियां सामने आना सवाल खड़े करता है। हालांकि दोनों स्कूलों में शिक्षक मौजूद थे, लेकिन डिजिटल अटेंडेंस, निपुण तालिका और PTM रजिस्टर में मिली खामियों ने व्यवस्था की निगरानी पर सवाल जरूर खड़े किए हैं। अब देखना होगा कि कार्रवाई के बाद विद्यालयों में कितना सुधार आता है।

Location :  Deoria

Published :  10 August 2026, 3:43 PM IST