
युवक की हत्या से सनसनी
देवरिया : देवरिया जिले के खुखुंदू थाना क्षेत्र (Khukhundoo Police Station ) के खजुरी करौता गांव में गुरुवार की रात एक शादी समारोह के दौरान खुशी का माहौल उस समय मातम में बदल गया जब एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह दुखद घटना रात करीब 11 बजे उस समय हुई जब कुशीनगर (Kushinagar) जिले के अहिरौली निवासी 34 वर्षीय राजन यादव बारात में शामिल होने के बाद खाना खा रहे थे।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, राजन यादव रामपुर झुरिया गांव से बारात लेकर खजुरी करौता गांव आए थे। यह बारात खुखुंदू थाना क्षेत्र के अनिल गिरी के घर आई थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक राजन यादव जब शादी समारोह स्थल पर खाना खा रहे थे, तभी किसी ने उन्हें पीछे से गोली मार दी।
गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े और घटनास्थल पर कोहराम मच गया। गंभीर रूप से घायल राजन यादव को तत्काल परिजन व अन्य लोग महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज देवरिया (Maharishi Devraha Baba Medical College, Deoria) ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक देवरिया श्री विक्रांत वीर (Superintendent Police, Shri Vikrant Veer) मौके पर पहुंचे। उन्होंने फोरेंसिक टीम, सर्विलांस टीम, स्वाट टीम और स्थानीय पुलिस के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि घटना की तेजी से जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
शुरुआती जांच में घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद शादी समारोह में सन्नाटा छा गया और दोनों पक्षों के लोग गम में डूबे नजर आए। शादी की रस्में तो किसी तरह पूरी हुईं, लेकिन खुशी का माहौल मातम में बदल गया।
पुलिस संदिग्धों की तलाश कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। यह घटना न सिर्फ पीड़ित परिवार बल्कि पूरे इलाके के लिए गहरा सदमा है।
Location : Deoria
Published : 23 May 2025, 9:23 AM IST
Topics : Barat came from Kushinagar Deoria murder Khajuri Karauta incident Murder due to old rivalry Rajan Yadav murder Shooting in wedding ceremony