बांदा में 25 वर्षीय युवक ने उठाया खौफनाक कदम, पत्नी के साथ गांव लौटा था

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के तिंदवारी थाना क्षेत्र में एक 25 वर्षीय युवक ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Subhash Raturi
Updated : 26 June 2026, 2:04 PM IST

Banda: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के तिंदवारी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बिछवाही में गुरुवार रात एक युवक ने घर के अंदर टीन शेड की धन्नी से साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 25 वर्षीय दीपक कुशवाहा, पुत्र देवीदीन कुशवाहा, के रूप में हुई है। घटना की जानकारी उस समय हुई जब परिजनों ने उसे फंदे से लटका देखा। परिजनों ने तुरंत फंदा काटकर दीपक को नीचे उतारा और निजी वाहन से तिंदवारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

कानपुर में करता था राजमिस्त्री का काम

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जगपत सिंह ने बताया कि दीपक कुशवाहा अपने परिवार के साथ कानपुर में रहकर राजमिस्त्री का काम करता था। करीब 15 दिन पहले वह अपनी पत्नी मंजू के साथ गांव आया था। गांव में वह अपने मकान में मिट्टी की पुराई का काम कर रहा था।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

दीपक दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी हैं। अचानक हुई इस घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल है।

पुलिस जांच में जुटी

स्थानीय लोगों के अनुसार, दीपक को शराब पीने की लत थी। हालांकि, उसने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। थाना प्रभारी संदीप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन युवक द्वारा फांसी लगाने के पीछे की वजह की जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।

Location :  Banda

Published :  26 June 2026, 2:04 PM IST