
प्रारंभिक अर्हता परीक्षा फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज
Gorakhpur: गोरखपुर उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 के पहले दिन रविवार को गोरखपुर के 52 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। दोनों पालियों में पंजीकृत 46,416 अभ्यर्थियों में से 34,516 परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 11,900 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस तरह पहले दिन कुल उपस्थिति 74.36 प्रतिशत दर्ज की गई।
पहली पाली में 23,208 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी। इनमें से 17,203 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 6,005 ने परीक्षा छोड़ दी। इस पाली में उपस्थिति 74.12 प्रतिशत रही। वहीं, दूसरी पाली में भी 23,208 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था थी। इनमें 17,313 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 5,895 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में उपस्थिति 74.60 प्रतिशत दर्ज की गई। पहली पाली की तुलना में दूसरी पाली में उपस्थिति थोड़ी अधिक रही।
खरगे के विवादित बयान पर BJP का पलटवार, कहा- गुंडे-मवालियों की भाषा प्रयोग कर रहे कांग्रेस अध्यक्ष
परीक्षा को निष्पक्ष, व्यवस्थित और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए थे। जिलाधिकारी दीपक मीणा के निर्देशन में परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की निगरानी की गई। परीक्षा के नोडल अधिकारी एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार ने केंद्रों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश, सुरक्षा और परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया।
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ के निर्देश पर पुलिसकर्मी परीक्षा केंद्रों के आसपास सतर्क रहे। केंद्रों पर सुरक्षा बनाए रखने के साथ अभ्यर्थियों के आवागमन को सुचारु रखने के लिए भी जरूरी प्रबंध किए गए। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की आवाजाही को देखते हुए बस स्टैंड और प्रमुख मार्गों पर व्यवस्था बनाए रखने पर ध्यान दिया गया, ताकि परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों को केंद्रों तक पहुंचने और परीक्षा के बाद वापस लौटने में परेशानी न हो।
सीतापुर में कांग्रेस की किसान अधिकार यात्रा में किसानों के मुद्दों पर उठी आवाज
गोरखपुर में पीईटी-2026 की परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर तथा एक नवंबर को आयोजित होनी है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, इन तिथियों में छह पालियों में कुल 1,39,248 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना है। पहले दिन की परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न होने के बाद अब आगामी पालियों में भी सुरक्षा, यातायात और अभ्यर्थियों की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं को बनाए रखना प्रशासन के लिए अहम रहेगा।
Location : गोरखपुर
Published : 25 October 2026, 8:30 PM IST