कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर भीषण हादसा… झपकी में ट्रक से टकराई बस, 16 यात्री घायल

फतेहपुर में कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर बड़ौरी टोल प्लाजा के पास बड़ा सड़क हादसा हो गया। झांसी डिपो की बस हाईवे किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई, जिसमें दंपती समेत 16 यात्री घायल हो गए। चालक को झपकी आने से हादसा हुआ और वह मौके से फरार हो गया। दो घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 14 May 2026, 5:52 PM IST

Fatehpur: फतेहपुर में कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर बड़ौरी टोल प्लाजा के पास बड़ा सड़क हादसा हो गया। झांसी डिपो की बस हाईवे किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई, जिसमें दंपती समेत 16 यात्री घायल हो गए। चालक को झपकी आने से हादसा हुआ और वह मौके से फरार हो गया। दो घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है।

 देर रात कानपुर से यात्रियों को लेकर फतेहपुर जा रही झांसी डिपो की बस जैसे ही बड़ौरी टोल प्लाजा के पास पहुंची, चालक को नींद की झपकी आ गई।

इस दौरान बस अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खड़े ट्रक से जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कई लोग घायल हो गए।

दंपती की हालत गंभीर, 16 यात्री घायल

हादसे में जालौन के उरई स्थित राजेंद्र नगर निवासी अमित कुमार और उनकी पत्नी छाया देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। बाकी 14 यात्रियों को मामूली चोटें आईं।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोपालगंज भेजा गया। गंभीर रूप से घायल दंपती को बाद में जिला अस्पताल रेफर किया गया।

चालक और ट्रक दोनों फरार

हादसे के बाद बस चालक मौके से बस छोड़कर भाग निकला। वहीं, जिस ट्रक से टक्कर हुई थी उसका चालक भी वाहन लेकर मौके से निकल गया।

सुमित देव पांडेय ने बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित दूसरी बस से उनके गंतव्य तक भेज दिया गया है। क्षतिग्रस्त बस को थाने में खड़ा कराया गया है।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस का कहना है कि हादसे की जांच की जा रही है और फरार चालक की तलाश जारी है। प्राथमिक जांच में बस चालक की लापरवाही और नींद की झपकी को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।

Location :  Fatehpur

Published :  14 May 2026, 5:52 PM IST