नई दिल्ली: भारत की बेहद चर्चित हस्तियों में से एक योग गुरु स्वामी रामदेव इन दिनों रामेश्वरम के दौरे पर हैं औऱ इधर देश के तमाम वीवीआईपी उन्हें जन्मदिन की बधाईयां दे रहे हैं। किसी भ्रम वश यह मैसेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया कि 25 दिसंबर को बाबा का बर्थडे पड़ता है। इसके बाद केन्द्रीय मंत्रियों से लेकर, तमाम सांसदों, पत्रकारों व आम लोगों ने अपने-अपने तरह से उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित करनी प्रारंभ कर दीं।
अपने पुरुषार्थ से योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वदेशी को नई ऊंचाईयों पर ले जाने वाले #योगगुरु #स्वामी_रामदेव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं। आपने अपनी मेहनत और कर्मठता से एक अलग पहचान बनाई है और देश को गौरवान्वित किया है। @yogrishiramdev #BabaRamdevBirthday #yoga pic.twitter.com/iJPX5iZJy7
— Dr. Harsh Vardhan (@drharshvardhan) December 25, 2018
दुनिया भर में प्राचीन योग विधा को नये सिरे से घर-घर पहुंचाने वाले योग गुरु स्वामी रामदेव को केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री डा. हर्षवर्धन, मध्य प्रदेश की वरिष्ठ भाजपा नेता यशोधरा राजे सिंधिया समेत तमाम हस्तियों ने ट्विटर पर बधाई दे डाली।
भारतीय योग-गुरु बाबा @yogrishiramdev जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।
ईश्वर से प्रार्थना है कि आप सदैव स्वस्थ, प्रसन्न एंव दीर्घायु रहे l pic.twitter.com/QFb6LjAroj
— Yashodhara Raje Scindia (@yashodhararaje) December 25, 2018
इसी बीच कई लोगों ने ये कहा कि बाबा का जन्मदिन 25 दिसंबर को नही पड़ता तो फिर सवाल उठा कि कब पड़ता है बाबा का बर्थडे?
कल भ्रमवश सोशल मीडिया पर असत्य वायरल हो गया था कि 25 दिसम्बर को पूज्य @yogrishiramdev का जन्मदिन है। अनेक गणमान्य लोगों और शुभचिंतकों ने शुभकामनाएं दी। यह स्वामी जी के युग निर्माण के कार्यों की स्वीकोरोक्ति है।
संन्यासी जन्म-मृत्यु के बंधन से मुक्त रहकर युगधर्म का पालन करता है। pic.twitter.com/MRGTDwYRGw
— Tijarawala SK (@tijarawala) December 26, 2018
इसे जानने के लिए डाइनामाइट न्यूज़ ने योग गुरु स्वामी रामदेव के प्रवक्ता एसके तिजारावाला से विशेष बातचीत की। जिस पर उन्होंने कहा कि "सन्यासी जन्म-मृत्यु के बंधन से मुक्त रहकर युग धर्म का पालन करता है। यही शास्त्र और संस्कृति सम्मत है कि सन्यासी का जन्म दीक्षा दिवस के दिन होता है। स्वामी जी ने सन्यास दीक्षा चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की नवमी अर्थात रामनवमी के दिन ली थी। ऐसे में यही करोड़ों अनुयायियों के लिए महायोगी का जन्मदिन है और उन्हें अब 14अप्रैल 2019 का इंतजार है।"
इस वक्तव्य के बाद अब तस्वीर साफ है कि स्वामी रामदेव के दीक्षा वाले दिन को ही उनके अनुयायी उनका जन्मदिन मानेंगे। इस बारे में मीडिया एवं मैनेजमेंट के क्षेत्र में तीन दशक से सक्रिय एसके तिजारावाला ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकांउट से ट्विट भी किया।
इधर एक और रोचक तथ्य यह है कि 8 साल पहले दूरदर्शन न्यूज़ पर प्रसारित एक मुलाकात कार्यक्रम में स्वामी रामदेव ने डाइनामाइट न्यूज़ के प्रधान संपादक मनोज टिबड़ेवाल आकाश के साथ एक विशेष साक्षात्कार में अपने जन्म को लेकर पूछे गये सवाल के बारे में कहा था कि उन्हें खुद नही पता कि उनका जन्म कब हुआ था, जब भी मां से पूछा तो उन्होंने बताया कि बेटा.. तेरा जन्म सुबह के समय हुआ था।