WFI Election: कुश्ती संघ जायेगा कोर्ट, WFI देगा सरकार के निलंबन के फैसले को चुनौती, जानिये क्या बोले संजय सिंह

खेल मंत्रालय ने रविवार को एक बड़ा फैसला लेते हुए कुश्ती संघ की कार्यकारिणी को निलंबित कर दिया है। अब WFI ने इस फैसले को चुनौती देने का ऐलान किया है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 24 December 2023, 2:05 PM IST

नई दिल्ली: खेल मंत्रालय ने रविवार को एक बड़ा फैसला लेते हुए भारतीय कुश्ती संघ (WFI) की नई कार्यकारिणी को अगले आदेश तक रद्द कर दिया।  इसके साथ ही नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजय सिंह को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। कुश्ती संघ सरकार के इस फैसले के खिलाफ कोर्ट का रुख करेगा। इस बीच संजय सिंह का भी बयान सामने आया है। 

डाइनामाइट न्यूज़ को सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कुश्ती संघ (WFI)  ने सरकार के इस फैसले के खिलाफ अब अदालत जाने का ऐलान किया है। WFI ने कहा वह जल्द दिल्ली हाई कोर्ट में सरकार के इस फैसले को चुनौती देगी और याचिका दायर करेगी। 

इस बीच निलंबित किये गये संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजय सिंह का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि अभी तक उन्होंने सरकार के फैसले को पढ़ा नहीं है। इसलिये वह इस पर कुछ कह नहीं सकते। सरकार के फैसले को पढ़ने और समझने के बाद ही वह इस मामले पर कोई बयान देंगे। 

सूत्रों के अनुसार WFI ने कहा कि कुश्ती संघ के चुनाव कोर्ट के आदेश पर और संविधान के अनुसार हुए थे। सारी प्रक्रिया कानून के तहत हुई थी। ऐसे में कुश्ती संघ को भंग करने का सरकार का फैसला सही नहीं है और वह इसके खिलाफ कोर्ट का रुख करेगी।  

बता दें कि तीन दिन पहले ही चुनाव के बाद भारतीय कुश्ती संघ की नई कार्यकारिणी का गठन हुआ था और नये पदाधिकारी चुने गये थे।

Published : 
  • 24 December 2023, 2:05 PM IST

No related posts found.