
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के चिलुआताल इलाके की एक 18 वर्षीय महिला ने स्थानीय पुलिस अधिकारियों से संपर्क कर आरोप लगाया है कि उसे उसकी मां ने उसके पति को बेच दिया था और वह उसका उत्पीड़न करता है ।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार पुलिस अधीक्षक (उत्तर) मनोज अवस्थी ने बृहस्पतिवार को कहा, 'महिला ने बुधवार को हमसे संपर्क किया और दावा किया कि वह चिलुआताल थाना क्षेत्र के महेसरा इलाके की रहने वाली है, और उसे हरियाणा के एक व्यक्ति को बेच दिया गया था और उससे शादी करा दी गई थी।’’
अपनी शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि उसकी मां ने उस आदमी से चार लाख रुपये लिए थे जिसके हाथों उसे बेचा गया था। शिकायत में कहा गया है कि 23 नवंबर को यहां उसके मायके में आयोजित एक विवाह समारोह में उसकी उस व्यक्ति से शादी कर दी गई और इसके बाद वह हरियाणा चली गई जहां उसके साथ बुरा व्यवहार किया गया ।
महिला ने आरोप लगाया है कि उसके पति ने उसका शारीरिक शोषण किया और उसे अवैध गतिविधियों में शामिल होने के लिए भी मजबूर किया।
चिलुआताल पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी (एसएचओ) संजय मिश्रा ने कहा, 'महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। महिला की दो बड़ी बहनों की भी शादी हरियाणा में हुई है। उसकी मां और परिवार के अन्य सदस्यों ने आरोपों से इनकार किया है। हालांकि, हम इसके सभी पहलुओं पर गौर कर रहे हैं।’’
Published : 7 December 2023, 9:25 PM IST