वाराणसी: बढ़ती गैस कीमतों के खिलाफ महिलाओं ने चूल्हे पर रोटी बनाई, चटनी के साथ खिलाई

रसोई गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि के विरोध में उत्तर प्रदेश कांग्रेस से जुड़ी महिलाओं विरोध-प्रदर्शन का एक अनूठा तरीका अपनाया। प्रदर्शनकारियों ने सिलेंडर के प्रतीक पोस्टर पर फूल अर्पित करते हुए मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पूरी खबर..

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 6 June 2018, 7:00 PM IST

वाराणसी: रसोई गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि के विरोध में आज उत्तर प्रदेश कांग्रेस की महिलाओं विरोध का एक अनूठा तरीका अपनाया। गैस कीमतों में बढ़ोत्तरी के खिलाफ कांग्रेस से जुड़ी महिलाओं ने मैदागिन स्थित राजीव गांधी की प्रतिमा के समक्ष उपले जलाये और चूल्हे-तवे पर रोटी बनाई। प्रदर्शनकारियों ने चूल्हे पर बनी रोटियों को वहां उपस्थित लोगों को चटनी के साथ खिलाया।

इसके पूर्व कांग्रेसजनों ने सिलेंडर के प्रतीक पोस्टर पर फूल अर्पित करते हुए "गैस के दाम कम करो-मोदी कुछ तो शर्म करो" और "बंद करो अब यह मनमानी-सरकार नहीं दुबारा आनी" आदि नारे लगाये। 

 

प्रदर्शन का नेतृत्व उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सदस्य श्रीमती पूनम कुण्डु ने किया। मौके पर उपस्थित कांग्रेसियों ने गैस मूल्यवृद्धि के बहाने महिलाओं के अन्य मुद्दों पर भी भाजपा की केन्द्र व राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल व गैस मूल्यों की निरंतर मूल्यवृद्धि ने आम परिवारों के बजट को ही गड़बड़ा दिया है और आश्चर्य तो यह है कि आज वह लोग जो कल तक विपक्ष में रहकर पेट्रो मूल्यवृद्धि को आम आदमी पर बोझ बताते थे, आज वही इसे विकास के लिए आवश्यक बता रहे हैं। 

वक्ताओं ने आरोप लगाया कि जब से भाजपा सरकार केन्द्र में सत्तासीन हुई है, रोज एक नई घोषणा बनारस के विकास व महिला उत्थान की कर रही है। सरकार जिस शौचालय योजना का जमकर प्रचार-प्रसार कर रही है, उसकी बानगी यह है कि आज तक सरकार शहर में अलग से एक महिला शौचालय भी नहीं बनवा सकी। 

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महिला उत्पीड़न व महिला अत्याचार की घटनाओं पर संवेदनशील नहीं है। छेड़खानी रोकने के लिए बना एण्टी रोमियो दस्ता आज किस मंत्री या अधिकारी की सेवा में है, यह पता ही नहीं। 

इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अनिल श्रीवास्तव "अन्नु", रामनगर चेयरमैन श्रीमती रेखा शर्मा, श्वेता राय, वीणा पाण्डेय, किरण सिंह, मीरा तिवारी, पार्षद मीनू शर्मा, शिखा मौर्या, प्रिया दीक्षित, महालक्षमी शुक्ला, डा जितेन्द्र सेठ, विपिन सिंह, राकेश पाण्डेय आदि शामिल थे। प्रदर्शन का संचालन सेवा दल अध्यक्ष प्रभात वर्मा ने किया।
 

Published : 
  • 6 June 2018, 7:00 PM IST

No related posts found.