Farmer’s Tractor Rally LIVE: दिल्ली बॉर्डर पर भारी बवाल, किसानों ने उखाड़े बैरिकेड्स, तोड़फोड़-हाथापाई, पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले

देशभर में आज 72वां गणतंत्र दिवस के मौके पर कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों की ट्रैक्टर रैली के दौरान भारी बवाल मच गया है। किसानों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी है, जिससे पुलिस-किसानों में टकराव बढ़ गया है।

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 26 January 2021, 11:44 AM IST

नई दिल्ली: देश भर में आज मनाये जा रहे 72वें गणतंत्र दिवस के बीच कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों की ट्रैक्टर रैली निकाली जा रही है। इस दौरान दिल्ली बॉर्डर पर भारी बवाल मच गया है। किसानों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी है। कई स्थानों पर तोड़फोड़ करने की खबरें हैं। पुलिस और किसानों में टकराव बढता जा रहा है। कई जगहों पर पुलिस ने किसानों पर आंसू गैस के गोले दागे और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।

संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर में कुछ प्रदर्शनकारी पुलिस वैन के उपर चढ गये  

दिल्ली के संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हाथापाई खबरे हैं। पुलिस ने अलग-अलग घटनाओं के बाद किसानों पर आंसू गैस के गोले दागे। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने एक पुलिस वाहन को अपने कब्जे में ले लिया। किसान और पुलिस के बीच भारी बवाल मच गया है।

 

संजय गाधी ट्रांसपोर्ट नगर के अलावा दिल्ली से लगी अन्य सीमाओं से भी भारी बवाल की खबरें हैं। किसान सुबह से ही दिल्ली में प्रवेश करने की कोशिशों में जुटे हुए हैं, जिन्हें पुलिस रोकने की कोशिश कर रही है। पंजाब और हरियाणा बॉर्डर के अलावा यूपी बॉर्डर पर भी किसानों और पुलिस के बीच झड़प के खबरें हैं। यूपी-दिल्ली से लगे गाजीपुर बॉर्डर से निकले किसानों ने अक्षरधाम में बैरिकेड्स को तोड़ दिया है।

मुबरका चौक पर भी किसानों ने भारी हंगामा मचाया। किसान यहां भी पुलिस की गाड़ी पर चढ़ गये और बैरिकेड्स तोड़ने पर आमादा हो गये। हर जगह तनाव पुर्ण स्थिति बनती जा रही है।

नोएडा मोड़ पर भी किसानों और पुलिस के बीच टकराव हुआ है। हजारों की तादाद में किसान निजामुद्दीन और अक्षरधाम के तरफ मुड़ गए है। भारी तादात में किसान नोएडा मोड़ पर बैरिकेडिंग तोड़ते हुए आगे घुस रहे हैं। पुलिस के साथ टकराव की स्थिति बनी हुई है। किसान अब सराय काले खां की ओर बढ़ रहे हैं।

किसानों द्वारा बैरिकेडिंग तोड़ने के बाद पुलिस ने उन पर आंसू गैस के गोले छोड़े है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर किसानों पर लाठीचार्ज किया गया है। किसानों के जत्थे ने ट्रैक्टरों के साथ कुछ बैरिकेडिंग को तोड़कर दिल्ली की तरफ घुसने की कोशिश की तो पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। पुलिस द्वारा किसानों को वहां से खदेड़ा जा रहा है।  

Published : 
  • 26 January 2021, 11:44 AM IST

No related posts found.