
नई दिल्लीः भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने गुरुवार को टोक्यो ओलंपिक में जर्मनी को हरा कर 41 वर्षों बाद ओलंपिक कांस्य पदक जीत कर पदक का सूखा खत्म किया।
41 साल से मेडल के सूखे को खत्म करते हुए टीम ने कांस्य पदक को अपने नाम कर लिया है। भारतीय टीम ने जर्मनी को 5-4 से हराकर पदक पर कब्जा किया। हॉकी टीम की इस शानदार जीत पर पीएम ने कप्तान मनप्रीत सिंह और कोच ग्राहम रीड से बात की और टीम को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई दी। इसके अलावा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, गृहमंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने भारतीय टीम को बधाई दी है।
पीएम मोदी ने मनप्रीत से कहा कि आपने इतिहास बना दिया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मनप्रीत की आवाज आज बुलंद है जबकि उस दिन (जिस दिन भारत बेल्जियम से हारा था) उनकी आवाज में ऐसी बुलंदी नहीं थी। वहीं हॉकी टीम का लगातार मनोबल बढ़ाते रहने के लिए मनप्रीत ने पीएम को धन्यवाद दिया।
टीम के कप्तान और कोच से बात करने से पहले उन्होंने ट्वीट कर टीम को बधाई दी थी। उन्होंने लिखा- टोक्यो में हॉकी टीम की शानदार जीत पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। यह ऐतिहासिक दिन हर भारतीय को याद रहेगा। कांस्य पदक जीतने के लिए हमारी पुरुष हॉकी टीम को बधाई। इस उपलब्धि के साथ वह पूरे देश, खासकर हमारे युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत बनी है। भारत को अपनी हॉकी टीम पर गर्व है। ये नया भारत है, आत्मविश्वास से भरा भारत है। हॉकी टीम को फिर से ढेरों बधाई और शुभकामनाएं। ”
बता दें कि 1980 के मॉस्को ओलंपिक खेलों के बाद यह भारत का पहला ओलंपिक हॉकी पदक है। वहीं यह ओलंपिक के इतिहास में भारत का तीसरा हॉकी कांस्य पदक है। अन्य दो कांस्य पदक 1968 मेक्सिको सिटी और 1972 म्यूनिख खेलों में आए थे।
Published : 5 August 2021, 1:22 PM IST
Topics : bronze medal Indian Hockey Team PM Modi Tokyo Olympics कांस्य पदक टोक्यो ओलंपिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय हॉकी टीम