
तिरुवनंतपुरम: युवा कांग्रेस केरल के प्रदेश अध्यक्ष राहुल ममकूटथिल को पिछले महीने संगठन द्वारा आयोजित सचिवालय मार्च के दौरान हुए हिंसक विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि तिरुवनंतपुरम छावनी पुलिस ने मंगलवार तड़के उन्हें पथानामथिट्टा जिले में उनके आवास से हिरासत में लिया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के नेतृत्व में राज्य सरकार के ‘नव केरल सदा’ कार्यक्रम के दौरान युवा कांग्रेस की ओर से विरोध-प्रदर्शन किया गया था, जिसमें उन्होंने उनके कार्यकर्ताओं के खिलाफ कथित अत्याचार का मुद्दा उठाया था।
पुलिस ने सचिवालय मार्च के दौरान हुई हिंसा के सिलसिले में विपक्ष के नेता वी.डी. सतीसन के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है और उन्हें मामले में पहला आरोपी बनाया है।
कांग्रेस नेता पर 21 दिसंबर को मार्च के दौरान पुलिस पर हमला करने और सार्वजनिक संपत्ति को क्षति पहुंचाने में शामिल होने का आरोप लगाते हुए भारतीय दंड संहिता की गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस घटना के संबंध में ममकूटथिल, पूर्व अध्यक्ष शफी परम्बिल (विधायक) और एम. विंसेंट (विधायक) सहित लगभग 300 युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आरोपी बनाया गया है।
Published : 9 January 2024, 11:14 AM IST
Topics : Thiruvananthapuram अध्यक्ष केरल पुलिस युवा कांग्रेस राहुल ममकूटथिल विरोध प्रदर्शन सचिवालय हिरासत