Bihar: गलवान में शहीद हुए जवान के पिता की गिरफ्तारी, भाजपा ने आक्रोश व्यक्त किया

बिहार में विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 2020 में लद्दाख की गलवान घाटी में चीनी सैनिकों से लड़ते हुए शहीद हुए एक सैन्यकर्मी के पिता के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की खबरों पर आक्रोश व्यक्त किया। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 1 March 2023, 12:20 PM IST

हाजीपुर: बिहार में विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 2020 में लद्दाख की गलवान घाटी में चीनी सैनिकों से लड़ते हुए शहीद हुए एक सैन्यकर्मी के पिता के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की खबरों पर  आक्रोश व्यक्त किया।

वैशाली जिले की पुलिस ने दावा किया कि राज कपूर सिंह को उसी गांव के एक निवासी की शिकायत के आधार पर एससी-एसटी (अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करने के बाद गिरफ्तार किया गया। शिकायतकर्ता ने गलवान घाटी में चीनी सैनिकों से लड़ते हुए शहीद हुए जय किशोर सिंह के स्मारक के निर्माण पर आपत्ति जताई गई है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार वैशाली के पुलिस अधीक्षक मनीष ने कहा, ‘‘राज कपूर सिंह को शनिवार रात जनदाहा थाने में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद गिरफ्तार किया गया, जिसमें शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि आरोपी अपने बेटे के स्मारक का अवैध रूप से निर्माण कर रहा था।’’

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शिकायतकर्ता के अनुसार, उसने निर्माण पर आपत्ति जताई थी क्योंकि इससे उसका रास्ता बाधित हो रहा था, लेकिन आरोपी ने उससे दुर्व्यवहार किया।

मीडिया में आई खबरों में आरोप लगाया गया है कि बिहार रेजीमेंट के शहीद जवान के पिता को पुलिस ने ‘‘घसीटा और पीटा’’, लेकिन पुलिस अधीक्षक ने इन खबरों को खारिज करते हुए कहा कि किसी ने भी गिरफ्तार आरोपी के साथ अनुचित व्यवहार नहीं किया।

इस बीच भाजपा की प्रदेश इकाई के प्रवक्ता निखिल आनंद ने एक बयान जारी कर आरोप लगाया कि इस घटना से पता चलता है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार सशस्त्र बलों का अनादर कर रही है।

उन्होंने कहा कि हाल में एक मंत्री ने सशस्त्र बलों के बारे में अपमानजनक टिप्पणी की थी।

आनंद ने कहा, ‘‘हम मांग करते हैं कि महागठबंधन सरकार हमारे बहादुर सैनिकों के बलिदान का सम्मान करे और राज्य के उन सभी सैनिकों के स्मारक का निर्माण करे जो गलवान संघर्ष में शहीद हुए थे।’’

Published : 
  • 1 March 2023, 12:20 PM IST

No related posts found.