Site icon Hindi Dynamite News

मुख्यमंत्री नागरिकों को खास सलाह, पर्यावरण और स्वच्छता के लिए रोजाना निकाले एक मिनट

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को कहा कि सभी नागरिकों को पर्यावरण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता के लिए रोजाना एक मिनट देना चाहिए। पढ़िये पूरी खबर डाइनामाइट न्यूज़ पर
Post Published By: डीएन ब्यूरो
Published:
मुख्यमंत्री नागरिकों को खास सलाह, पर्यावरण और स्वच्छता के लिए रोजाना निकाले एक मिनट

मुंबई: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को कहा कि सभी नागरिकों को पर्यावरण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता के लिए रोजाना एक मिनट देना चाहिए।

उन्होंने जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग की चुनौतियों से निपटने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, जी20 की पर्यावरण एवं जलवायु स्थिरता कार्य समूह (ईसीएसडब्ल्यूजी) की तीसरी बैठक के तहत मुंबई के जुहू समुद्र तट पर सफाई अभियान में हिस्सा लेने के बाद शिंदे ने पत्रकारों से यह बात कही।

जी20 देशों के प्रतिनिधियों ने भी महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस और केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव के साथ जुहू चौपाटी पर समुद्र तट सफाई अभियान में हिस्सा लिया।

भारत की जी20 की अध्यक्षता के तहत पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने इस अभियान का आयोजन किया।

राज्यपाल बैस ने आमंत्रित लोगों को समुद्र तट की स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई, जबकि मुख्यमंत्री शिंदे ने अभियान को सफल बनाने के लिए जन भागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया।

शिंदे ने कहा कि जन भागीदारी से पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में मदद मिलेगी और इसे लेकर जागरूकता फैलेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘यदि सभी नागरिक अपनी दिनचर्या में से एक मिनट भी पर्यावरण व स्वच्छता के लिए समर्पित करें, तो इससे जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग जैसी चुनौतियों से निपटने में मदद मिलेगी।’’

केंद्रीय पर्यावरण एवं वन राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे, महाराष्ट्र के पर्यटन एवं कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, केंद्रीय पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन सचिव लीना नंदन, मुंबई नगर आयुक्त इकबाल सिंह चहल, पुलिस आयुक्त विवेक फणसालकर, प्रमुख सचिव पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन प्रवीन दराडे सहित विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी मौके पर उपस्थित थे।

शिंदे ने बताया कि समुद्र तट की सफाई से जुड़ा अभियान रविवार को देश के 35 स्थानों पर एक साथ आयोजित किया गया।

अधिकारियों ने पहले बताया था कि मुंबई में रविवार से शुरू हो रही जी20 की तीसरी ईसीएसडब्ल्यूजी बैठक समुद्री अर्थव्यवस्था के पहलुओं पर केंद्रित होगी।

Exit mobile version