
Sonbhadra: गुजरात के भरुच की एक फैक्ट्री में जहरीली गैस रिसाव के कारण सोनभद्र के दो युवकों की दम घुटने से मौत हो गई। ऐंबुलेंस से घर आये दोनों शवों को देखकर परिजनों और गांव में कोहराम मच गया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार मृतकों की पहचान सुचित कुमार (40) पुत्र सुग्रीव कन्नौजिया और महेश कुमार (22) पुत्र नंदलाल गुप्ता के रुप में हुई है जो सोनभद्र के निवासी है।
दोनों मृतक सोनभद्र के कोन थाना क्षेत्र के निवासी हैं जो रोजी रोटी के लिए गुजरात गए थे और भरुच की एक फैक्ट्री में काम करते थे।
जानकारी के अनुसार दोनों मृतक दोस्तों के साथ गुजरात कमाने गए थे और गुजरात के भरुच जिले के दहेज स्थित एक रासायनिक संयंत्र फ्लोरोकेमिकल्स लिमिटेड (जीएफएल) फैक्ट्री में एक सप्ताह से काम कर रहे थे।
शनिवार को नाइट ड्यूटी के दौरान फैक्ट्री में जहरीली गैस के रिसाव से दोनों युवक बेहोश हो गए। बेहोशी की हालात में दोनों को कंपनी के कर्मचारियों ने अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गयी।
मंगलवार की सुबह एम्बुलेंस से दोनों का शव कोन स्थित उनके गांव पहुंचा, शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में दोनों का शव आने की सूचना पर ग्रामीणों की भारी भीड़ भी जमा हो गयी। दोनों मृतक युवकों का घर एक ही गांव में लगभग आस-पास ही है।
बताया जा रहा है कि मृतक सुचित के तीन छोटे छोटे बच्चे हैं जिसमें दो लड़के व एक लड़की है। महेश की अभी शादी नहीं हुई थी।
वहीं परिजनों ने बताया कि कम्पनी के तरफ से दाह संस्कार के लिए बीस हजा़र रुपये नगद व पंद्रह दिन में 30-30 लाख रुपये सहायता राशि देने का आश्वासन दिया गया है।
दूसरी तरफ कंपनी में हुए गैस रिसाव में कुल चार युवकों की मौत होने की बात सामने आ रही है। जिसमें दो कोन के व दो युवक झारखंड बॉर्डर के निवासी बताये जा रहे है।
Published : 31 December 2024, 3:27 PM IST
Topics : Bharuch died Gujarat HindiNews ManojTibrewalAakashDynamiteNews ManojTibrewalAakashJournalist Poisonous Gas Sonbhadra suffocation Youths