
महराजगंजः नगर पालिका सिसवा वार्ड नम्बर 23 शास्त्री नगर के जैनी छपरा में नाली व जल निकासी का समुचित प्रबंध नहीं किया गया है। नाली का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। इससे आने जाने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जबकि इसके लिए कई बार नगर वासियों ने पालिका प्रशासन से फरियाद भी की। लेकिन उनकी बात सुनने को कोई तैयार नही है। इस वार्ड में जल निकासी की समस्या लाइलाज बन गई है।
नासूर बनी जल निकासी की समस्या
सिसवा बाजार से डाइनामाइट न्यूज संवाददाता और टीम ने शुक्रवार को नगर के वार्ड नम्बर 23 का पड़ताल की। इस दौरान नगर पालिका प्रशासनिक व्यवस्था की पोल खुल गई।
इस वार्ड में एक दशक पूर्व जलजमाव की समस्या को देखते हुए मोहल्लेवासियों ने जल निकासी के लिए सड़क पर ही एक नाली बना दी थी। वर्षों बीतने के बाद भी न तो नाली पक्की हुई और न ही जलनिकासी की समुचित व्यवस्था हो सकी। इससे समस्या और भी विकराल हो गई है। गंदा नाली का पानी सड़कों पर बह रहा है। कई बार स्कूली बच्चे गंदे पानी में गिर जाते हैं। फिर भी नपा प्रशासन के हुक्मरानों का ध्यान इस ओर नही है।
संक्रामक रोग फैलने की आशंका
सड़क पर गंदा पानी बहने से संक्रामक रोगों के बढ़ने की आशंका बढ़ गई है। नाली में खरपतवार सड़ने से दुर्गन्ध से आवागमन मुश्किल हो गया है। बरसात के दिनों में गन्दा पानी सड़क पर इधर उधर फैल जाता है। इन सारी समस्याओं पर स्थानीय जिम्मेदार चुप है और नगर वासी परेशान। इसे लेकर नगर वासियों में आक्रोश बढ़ रहा है।
क्या बोले जिम्मेदार
अधिशासी अधिकारी अवधेश वर्मा ने डाइनामाइट न्यूज को बताया कि नई बोर्ड के गठन में वार्ड की समस्या का प्रस्ताव बनाकर समस्या का समाधान किया जाएगा। इसके लिए तैयारी शुरू हो गई है।
Published : 30 December 2022, 4:22 PM IST
Topics : जन समस्या जनता नगर पालिका नाली का पानी परेशानी महराजगंज सड़क सिसवा