
बेंगलुरु: जद (एस) के निलंबित सांसद प्रज्वल रेवन्ना को बेंगलुरु कोर्ट ने छह जून तक विशेष जांच दल (एसआईटी) की हिरासत में भेज दिया है। यौन उत्पीड़न मामले के आरोपी प्रज्वल रेवन्ना गुरुवार की रात को जर्मनी से बेंगलुरु लौटे थे। इस मामले की जांच कर रही एसआईटी ने उन्हें रात को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार किए जाने के बाद शुक्रवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने छह दिनों की पुलिस हिरासत का आदेश दिया है।
इससे पहले, महिलाओं के यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे जनता दल-सेक्युलर (जद-एस) के निलंबित नेता प्रज्वल रेवन्ना को चिकित्सकीय जांच के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुक्रवार को अस्पताल ले जाया गया। महिला पुलिसकर्मी प्रज्वल को यहां ‘बॉरिंग एंड लेडी कर्जन’ अस्पताल लेकर आईं।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार एसआईटी के सूत्रों ने बताया कि सांसद प्रज्वल रेवन्ना (33) के म्यूनिख से बेंगलुरु लौटते ही उन्हें पूछताछ के लिए सीआईडी (अपराध जांच विभाग) के कार्यालय ले जाया गया। सूत्रों ने बताया कि एसआईटी प्रज्वल की ‘पोटेंसी’ (पुंसत्व) जांच कराने पर भी विचार कर रही है। यह जांच इस बात का पता लगाने के लिए की जाती है कि बलात्कार का आरोपी पीड़िताओं का यौन उत्पीड़न करने में सक्षम है या नहीं।
जनता दल (सेक्युलर) के संरक्षक एच. डी. देवेगौड़ा के पोते और हासन लोकसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार प्रज्वल (33) पर महिलाओं का यौन शोषण करने का आरोप है। उनके खिलाफ अभी तक यौन उत्पीड़न के तीन मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं।
Published : 31 May 2024, 5:41 PM IST
Topics : 6 June custody Prajwal Revanna sex scandal SIT अश्लील वीडियो एसआईटी छह जून प्रज्वल रेवन्ना हिरासत