त्रिपुरा में गांजा रखने के आरोप में सात महिलाएं गिरफ्तार, 12 किलोग्राम गांजा जब्त

त्रिपुरा में एक अंतरराज्यीय बस टर्मिनल पर सात महिलाओं के पास से 12 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 7 November 2023, 6:49 PM IST

अगरतला: त्रिपुरा में एक अंतरराज्यीय बस टर्मिनल पर सात महिलाओं के पास से 12 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, ये महिलाएं अपने नवजात बच्चों का इस्तेमाल कर गांजा एक जगह से दूसरी जगह पर ले जाने का काम करती थीं।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार उत्तरी त्रिपुरा जिले के पुलिस अधीक्षक भानु पद चक्रवर्ती ने बताया कि पुलिस द्वारा जब्ती किए जाने के बाद सोमवार शाम महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया।

चक्रवर्ती ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, ''गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस की एक टीम उत्तरी त्रिपुरा जिले में धर्मनगर अंतरराज्यीय बस अड्डे पर पहुंची और बिहार निवासी महिलाओं को छह बच्चों के साथ वहां बिना किसी उद्देश्य के घूमते हुए पाया।''

अधिकारी ने बताया कि महिलाएं ट्रेन से त्रिपुरा पहुंची थीं और वे सड़क के माध्यम से बिहार के सुदूर इलाकों में जाने का प्रयास कर रही थीं।

उन्होंने फोन पर कहा, ''पुलिस महिलाओं और उनके बच्चों को धर्मनगर थाने ले गई और उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके अंतर्वस्त्र में छिपाकर रखी गई 12 किलोग्राम प्रतिबंधित वस्तु बरामद की गई।''

अधिकारी ने कहा, ''बच्चों का इस्तेमाल कर त्रिपुरा से बाहर गांजा तस्करी करने का यह नया तरीका बन गया है। हालांकि, छह महीने और एक साल से कम उम्र के बच्चों को इस्तेमाल किए जाने का यह पहला मामला है। यह स्पष्ट है कि गांजा तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए बच्चों का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है।''

पुलिस के अनुसार, सभी महिलाओं के खिलाफ स्वापक औषधि और मनः प्रभावी पदार्थ अधिनियम 1985 के तहत मामला दर्ज किया गया है। चूंकि बच्चे बहुत छोटे हैं इसलिए उनकी माताओं को उन्हें जेल में साथ ले जाने की इजाजत दी गई है।

Published : 
  • 7 November 2023, 6:49 PM IST

No related posts found.