Site icon Hindi Dynamite News

Parineeti Chopra, Raghav Chadha Wedding Photos: देखिये परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा की शादी की खास तस्वीरें, सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता

राघव चड्ढा और अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा ने शादी के बंधन में बंधने के एक दिन बाद सोमवार सुबह अपने विवाह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। प्रियंका चोपड़ा जोनस सहित कई बॉलीवुड हस्तियों ने नवविवाहित जोड़े को बधाई दी। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट
Post Published By: डीएन ब्यूरो
Published:
Parineeti Chopra, Raghav Chadha Wedding Photos: देखिये परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा की शादी की खास तस्वीरें, सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता

उदयपुर: आम आदमी पार्टी (आप) के नेता राघव चड्ढा और अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा ने शादी के बंधन में बंधने के एक दिन बाद सोमवार सुबह अपने विवाह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। प्रियंका चोपड़ा जोनस सहित कई बॉलीवुड हस्तियों ने नवविवाहित जोड़े को बधाई दी।

परिणीति (34) और राघव (34) रविवार शाम उदयपुर के ‘द लीला पैलेस’ में आयोजित एक निजी समारोह में शादी के बंधन में बंधे। दोनों की शादी की पोशाक और मुख्य समारोह की थीम 'पर्ल व्हाइट' थी। इस दौरान बारात सजी हुई नावों में सवार होकर ‘द लीला पैलेस’ पहुंची।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक दंपति ने 'इंस्टाग्राम' पर शादी की कुछ तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, ‘‘ नाश्ते की मेज पर पहली बातचीत के बाद से हमारे दिलों को पता था… इस दिन का लंबे समय से इंतजार था… आखिरकार श्रीमान और श्रीमति बनने का सौभाग्य मिला। एक दूसरे के बिना रह नहीं सकते थे… हमारा जीवन भर का सफर अब शुरू होता है..’’

तस्वीर में परिणीति के दुप्पटे पर सुनहरे रंग से हिंदी में ‘राघव’ लिखा नजर आ रहा है। अभिनेत्री का शादी का लहंगा और राघव की शेरवानी दोनों हाथीदांत के रंग की थी।

ऐसी खबरें हैं कि राघव की शादी की शेरवानी उनके मामा एवं डिजाइनर पवन सचदेवा ने तैयार की।

दंपत्ति ने अपनी शादी को बेहद निजी रखा। वहीं ‘रिसेप्शन’ की कुछ तस्वीरें समारोह के कुछ घंटे बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो गयीं।

शादी के बाद के समारोह में परिणीति गुलाबी रंग की साड़ी और गुलाबी रंग का ही चूड़ा पहने नजर आईं। राघव चड्डा काले रंग के ‘क्लासिकल टक्सीडो’ में दिखे।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान विवाह समारोह में शामिल हुए। फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा, पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह तथा उनकी पत्नी गीता बसरा, पूर्व टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा सहित कई हस्तियों ने समारोह में शिरकत की।

प्रियंका चोपड़ा जोनास, अनुष्का शर्मा और कियारा आडवाणी सहित कई बॉलीवुड हस्तियों ने सोशल मीडिया पर नवविवाहित जोड़े को शादी की शुभकामनाएं दीं।

परिणीति की रिश्ते की बहन एवं अदाकारा प्रियंका चोपड़ा ने लिखा, 'मेरा आशीर्वाद हमेशा तुम्हारे साथ है।’’

प्रियंका विवाह समारोह में शामिल नहीं हुईं थी।

अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘‘ खूबसूरत जोड़ी को ढे़र सारी शुभकामनाएं। आप दोनों हमेशा एक-दूसरे के साथ खुश रहें।’’

फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने भी नवविवाहित दंपत्ति को शुभकामनाएं दी। उन्होंने लिखा, 'राघव और परिणीति को बहुत-बहुत बधाई। ढेर सारा प्यार और आशीर्वाद…'

परिणीति और राघव ने मई में दिल्ली में एक निजी समारोह में सगाई की थी। 

Exit mobile version