Site icon Hindi Dynamite News

RIP Parkash Singh Badal: राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत कई दिग्गजों ने बादल के निधन पर जताय शोक, जानिये क्या कहा

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई केंद्रीय मंत्रियों, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने मंगलवार को पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निधन पर शोक व्यक्त किया और देश तथा पंजाब के विकास के लिए उनके अपार योगदान को याद किया। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट
Post Published By: डीएन ब्यूरो
Published:
RIP Parkash Singh Badal: राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत कई दिग्गजों ने बादल के निधन पर जताय शोक, जानिये क्या कहा

नयी दिल्ली/चंडीगढ़: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्रियों, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने मंगलवार को पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निधन पर शोक व्यक्त किया और देश तथा पंजाब के विकास के लिए उनके अपार योगदान को याद किया।

उक्त के अलावा राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निधन पर शोक व्यक्त किया।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार मिश्र ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए एक बयान में कहा कि वह ईश्वर से पुण्यात्मा को शांति प्रदान करने और उनके परिजनों को यह दुःख सहने करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करते हैं।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बादल के निधन पर शोक जताते हुए शोक संतप्त परिवार के सदस्यों और शिरोमणी अकाली दल के सदस्यों के प्रति संवेदना जतायी। उन्होंने कहा कि बादल ने अपने राजनीति करियर के दौरान पंजाब के लोगों की अथक समर्पण के साथ सेवा की।

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने ट्वीट किया, ‘‘पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री श्री प्रकाश सिंह जी बादल का निधन अत्यंत दुखद है। स्व. बादल साहब जीवन पर्यंत देश और पंजाब की सेवा में समर्पित रहे। वाहेगुरु दिवंगत की आत्मा को शांति दे व शोक संतप्त परिवार को संबल प्रदान करें।’’

वहीं राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने ट्वीट किया, ‘‘पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल जी के निधन पर मैं गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूँ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं शोक संतप्त परिजनों को संबल दें।’’

Exit mobile version