
जयपुर: राजस्थान को भजनलाल शर्मा के रूप में 15 दिसंबर को नया मुख्यमंत्री मिला था और उनके कैबिनेट विस्तार का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा था। आखिरकार केंद्रीय नेतृत्व से मंत्रणा के बाद राज्य में शनिवार को भजनलाल मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया।
राजस्थान में 22 विधायकों ने शनिवार को मंत्री पद की शपथ ली जिनमें से 12 को कैबिनेट, पांच को राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व पांच को राज्यमंत्री बनाया गया है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल कलराज मिश्रा ने भजनलाल सरकार के नये मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
कैबिनेट मंत्रियों की सूची
कैबिनेट मंत्रियों में डॉ. किरोड़ी लाल मीणा, गजेंद्र सिंह खींवसर, राज्यवर्धन सिंह राठौड़, बाबूलाल खराड़ी, मदन दिलावर, जोगाराम पटेल, सुरेश सिंह रावत, अविनाश गहलोत, जोराराम कुमावत, हेमंत मीणा, कन्हैयालाल चौधरी व सुमित गोदारा शामिल हैं।
राज्यमंत्रियों की सूची
संजय शर्मा, गौतम कुमार, झाबर सिंह खर्रा, सुरेन्द्रपाल सिंह टीटी व हीरालाल नागर को राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में शपथ दिलाई गई है। इसके अलावा विधायक ओटाराम देवासी, डॉ. मंजू बाघमार, विजय सिंह चौधरी, के के बिश्नोई व जवाहर सिंह बेढम ने राज्यमंत्री पद की शपथ ली।
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा के अलावा कई अनन्य नेता भी उपस्थित रहे।
राजस्थान के राजनीतिक पटल पर इस साल एक नई इबारत लिखी गई जब पहली बार विधायक बने भजनलाल शर्मा ने 15 दिसंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही बारी-बारी से राज्य की सत्ता के केंद्र में रहे अशोक गहलोत व वसुंधरा राजे के युग का एक तरह से अवसान हो गया।
बता दें कि 25 नवंबर को राज्य विधानसभा की 200 में से 199 सीट के लिये हुये चुनाव में भाजपा ने 115 सीट जीत का बहुमत हासिल किया।
भाजपा की ओर से भजनलाल शर्मा को विधायक दल नेता चुना गया और उन्होंने 15 दिसंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
Published : 30 December 2023, 3:53 PM IST
Topics : Rajasthan Cabinet जयपुर भजनलाल मंत्रिमंडल मुख्यमंत्री राजस्थान राज्यपाल कलराज मिश्रा विस्तार