
चंडीगढ़: पंजाब विश्वविद्यालय के कुलपति राज कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। सीनेटर के एक समूह और पंजाब विश्वविद्यालय शिक्षक संघ द्वारा विश्वविद्यालय में ‘‘कदाचार और भ्रष्टाचार’’ का आरोप लगाए जाने के बाद उन्होंने यह कदम उठाया।
अधिकारियों ने बताया कि विश्वविद्यालय के कुलाधिपति उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कुमार का इस्तीफा स्वीकार कर लिया। धनखड़ ने अगले आदेश तक डीन (यूनिवर्सिटी इंस्ट्रक्शंस) रेणु विज को कुलपति का प्रभार दिया है। विश्वविद्यालय की सबसे वरिष्ठ प्रोफेसर विज, पंजाब विश्वविद्यालय की पहली महिला कार्यवाहक कुलपति हैं।
कुमार ने 10 जनवरी को अपना इस्तीफा सौंप दिया और इसे 13 जनवरी को स्वीकार कर लिया गया। विश्वविद्यालय में ‘‘कदाचार और भ्रष्टाचार’’ के आरोपों के बीच उनका इस्तीफा आया।
दिसंबर में, शिक्षक संघ और कुछ सीनेटर ने विश्वविद्यालय में ‘‘कदाचार और भ्रष्टाचार’’ का आरोप लगाते हुए धनखड़ को पत्र लिखा था। उन्होंने कुछ प्रमुख पदों पर मनमाने ढंग से नियुक्तियों के आरोपों और ‘‘उपहार संस्कृति’’ को बढ़ावा देने के संबंध में स्वतंत्र जांच का अनुरोध किया था।
पंजाब विश्वविद्यालय के वरिष्ठ फेलो और भारत के अतिरिक्त महाधिवक्ता सत्य पाल जैन ने सोमवार को पत्रकारों से कहा कि कई शिकायतें उपराष्ट्रपति कार्यालय तक पहुंची थीं और कहा कि भ्रष्टाचार के प्रति केंद्र की ‘कतई बर्दाश्त नहीं करने’ की नीति है।
जैन ने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि कुमार को इस्तीफा देने के लिए कहा गया। हालांकि, उन्होंने स्वीकार किया कि कुमार ने 10 जनवरी को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। जैन ने कहा कि नए कुलपति का चयन करने के लिए एक ‘सर्च कमेटी’ का गठन किया जाएगा।
कुमार 2018 में पंजाब विश्वविद्यालय के कुलपति नियुक्त किए गए थे। उन्हें 2021 में तीन साल का विस्तार दिया गया था, जिसका कार्यकाल जून 2024 में समाप्त होने वाला था। पंजाब विश्वविद्यालय से जुड़ने से पहले कुमार बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्ट्डीज के प्रमुख रहे थे।
Published : 17 January 2023, 7:10 PM IST
Topics : Chancellor Punjab Punjab University Raj Kumar resigned इस्तीफा कुलपति पंजाब पंजाब विश्वविद्यालय राज कुमार