
पुणे: पोर्शे कार हादसे में नाबालिग आरोपी के माता-पिता शुक्रवार को अदालत में पेश किए गए। जहां से कोर्ट ने माता-पिता और एक अन्य आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी के माता-पिता की पुलिस हिरासत शुक्रवार को खत्म हो गई है।
नाबालिग आरोपी के ब्लड सैंपल में कथित हेरफेर के आरोप में उन्हें गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के मुताबिक घटना के वक्त किशोर शराब के नशे में गाड़ी चला रहा था।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार इससे पहले किशोर न्याय बोर्ड ने पिछले महीने पुणे में कार दुर्घटना में दो आईटी इंजीनियरों की मौत के मामले में आरोपी किशोर की निगरानी गृह हिरासत को 25 जून तक के लिए बढ़ाया था। पुलिस ने बोर्ड के सामने दलील दी थी कि उसकी अब भी काउंसलिंग की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
बिल्डर विशाल अग्रवाल के किशोर बेटे द्वारा कथित तौर पर चलाई जा रही पोर्श कार ने 19 मई को तड़के कल्याणी नगर में एक बाइक को टक्कर मार दी थी जिसपर सवार आईटी पेशेवर अनीश अवधिया और अश्विनी कोष्टा की मौत हो गई थी। वे मध्य प्रदेश के रहने वाले थे।
Published : 14 June 2024, 6:02 PM IST
Topics : father judicial custody mother Porsche Accident Pune कार हादसा न्यायिक हिरासत पुणे पोर्शे माता पिता