Site icon Hindi Dynamite News

Delhi Crime: गर्भवती महिला ने पति पर लगाया आग लगाने का आरोप

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बवाना इलाके में सात महीने की एक गर्भवती महिला को कथित तौर पर आग लगा दी गई। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर
Post Published By: डीएन ब्यूरो
Published:
Delhi Crime: गर्भवती महिला ने पति पर लगाया आग लगाने का आरोप

नयी दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बवाना इलाके में सात महीने की एक गर्भवती महिला को कथित तौर पर आग लगा दी गई। पुलिस ने  यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि महिला ने कार्यकारी मजिस्ट्रेट को दिए अपने बयान में पति पर उत्पीड़न करने व आग लगाने का आरोप लगाया है, जिसके बाद पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।

इससे पहले खुशबू नामक पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया था कि यह दुर्घटना थी।

दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने भी आरोप लगाया था कि महिला के ससुराल वालों और पति ने उसे आग के हवाले कर दिया।

इससे पहले पुलिस ने बताया था कि घटना शुक्रवार रात हुई जब सात महीने की गर्भवती खुशबू नामक महिला अपने पति वीर प्रताप और एक लड़के के साथ ठंड से बचने के लिए अलाव के निकट बैठी थी।

पुलिस ने कहा कि आग बुझने लगी तो लड़के ने उसमें ‘पेंट थिनर’ डाल दिया, जिसके चलते अचानक आग भड़क गई। आग में खुशबू का चेहरा और कुछ अन्य अंग झुलस गए जबकि उसके पति के पैर के साथ ही बायां हाथ झुलस गया।

दोनों का सफदरजंग अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि खुशबू का बयान दर्ज कर लिया गया है, जिसमें उसने कहा कि यह एक दुर्घटना थी।

खुशबू के बयानों के विपरीत, उसके भाई संदीप ने आरोप लगाया है कि बहन की ससुराल वाले उसे परेशान कर रहे थे और उन्होंने ही उसे आग के हवाले कर दिया है।

खुशबू की पिछले साल अगस्त में वीर प्रताप से शादी हुई थी। चूंकि शादी को सात साल से भी कम समय हुआ है और उसके भाई ने भी उसके ससुराल वालों द्वारा प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है, इसलिए इस मामले को नरेला के उपसंभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) के संज्ञान में लाया गया और मजिस्ट्रेट के सामने उसका बयान दर्ज किया गया।

पुलिस ने कहा कि मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज पीड़िता के बयान की आधिकारिक प्रति अभी प्राप्त नहीं हुई है। रिपोर्ट मिलने के बाद उसके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मालीवाल ने इस घटना के बारे में ट्वीट किया, “बवाना में 7 महीने की गर्भवती महिला को उसके पति और ससुराल वालों ने पेट्रोल डालकर जलाया। लड़की बुरी तरह से झुलस गई और उसका अब अस्पताल में इलाज चल रहा है। हमने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है। पीड़िता की हर संभव सहायता भी कर रहे हैं। दिल्ली में अपराध बढ़ते जा रहे हैं!”

इस बीच, डीसीडब्ल्यू ने दावा किया, “महिला ने एसडीएम के सामने बयान दिया है जिसमें उसने स्पष्ट रूप से कहा है कि उसके पति ने उसे जलाया है। उसने कहा है कि वह शराब पीने के बाद उसे मारता था।”

आयोग के अनुसार, 'उसने यह भी कहा कि उसका पति उसके गहने लेने की कोशिश कर रहा था। लेकिन जब उसने इनकार कर दिया, तो झगड़ा हो गया। उसके पति ने उसे थिनर छिड़ककर जलाने की कोशिश की, लेकिन ऐसा करते हुए वह भी आंशिक रूप से झुलस गया।'

Exit mobile version