
नई दिल्ली: छह बार की विश्व चैंपियन महिला मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम को देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्मविभूषण और देश की पहली विश्व चैंपियन बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू को पद्मभूषण के लिए चुना गया है।
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को पद्म पुरस्कारों की घोषणा की गयी। ओलम्पिक में कांस्य पदक जीत चुकीं और विश्व चैंपियनशिप में छह स्वर्ण सहित कुल आठ पदक जीत चुकी मैरीकॉम को पद्मविभूषण पुरस्कार के लिए चुना गया है। मैरी मुक्केबाजी इतिहास में पहली ऐसी खिलाड़ी हैं जिन्होंने विश्व चैंपियनशिप में आठ पदक जीते हैं।
यह भी पढ़ें: Sports News- शिखर, विराट, राहुल के अर्धशतक, भारत ने किया हिसाब बराबर
सिंधू को देश के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्मभूषण के लिए चुना गया है। उन्होंने पिछले साल अगस्त में विश्व चैंपियनशिप में महिला एकल खिताब जीता था और बैडमिंटन में विश्व चैंपियन बनने वाली वह पहली भारतीय खिलाड़ी बनी थीं। सिंधू ने 2016 के रियो ओलम्पिक में रजत पदक जीतकर इतिहास बनाया था। सिंधू बेशक पिछले कुछ महीनों से खराब दौर से गुजर रही हैं लेकिन यह सम्मान उन्हें इस साल होने वाले टोक्यो ओलम्पिक में एक बार फिर पदक जीतने के लिए प्रेरित करेगा।
यह भी पढ़ें: Sports News- धोनी का कर्ज़ उतारने का मौका चूक गए गांगुली, धोनी ने दिया था ये खास सम्मान
देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्मश्री के लिए क्रिकेटर जहीर खान, महिला फुटबॉलर बेमबेम देवी, पूर्व हॉकी खिलाड़ी एमपी गणेश, निशानेबाज जीतू राय, महिला हॉकी खिलाड़ी रानी रामपाल और तीरंदाज तरुणदीप राय को चुना गया है। (वार्ता)
Published : 26 January 2020, 1:19 PM IST
Topics : Mary Kom PV Sindhu sports खेल गणतंत्र दिवस पद्मभूषण पीवी सिंधू मैरीकॉम राष्ट्रीय सर्वोच्च नागरिक सम्मान