Site icon Hindi Dynamite News

राष्ट्रपति ने खिलाड़ियों को नवाजा: देवेंद्र-सरदार को खेल रत्न, 17 को अर्जुन पुरस्कार

पूर्व हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने देश के खेल जगत की कई हस्तियों को विभिन्न खेल पुरस्कारों से सम्मानित किया। इन पुरस्कारों में खेल रत्न, अर्जुन पुरस्कार, द्रोणाचार्य पुरस्कार, खेल प्रोत्साहन समेत कई पुरकार दिए गए।
Post Published By: डीएन ब्यूरो
Published:
राष्ट्रपति ने खिलाड़ियों को नवाजा: देवेंद्र-सरदार को खेल रत्न, 17 को अर्जुन पुरस्कार

नई दिल्ली: राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आज खेल दिवस पर राष्ट्रपति भवन में रियो पैरालंपिक के स्वर्ण पदक विजेता भाला फेंक एथलीट देवेंद्र झाझडिया और पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान सरदार सिंह को देश के सर्वाच्च खेल पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न से सम्मानित किया। राष्ट्रपति ने विभिन्न खेलों से जुड़े कई खिलाड़ियों को अलग-अलग खेल पुरस्कारों से नवाजा।

बैडमिंटन कोच GSSV प्रसाद को द्रोणाचार्य पुरस्कार देते राष्ट्रपति कोविंद

इसके साथ ही देवेन्द्र यह पुरस्कार प्राप्त करने वाले देश के पहले पैरा एथलीट बने। इस मौके पर 17 खिलाडिय़ों को प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार और छह कोचों को द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया। इसके अलावा तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहस पुरस्कार भी प्रदान किए गए।

क्रिकेट खिलाड़ी हरमनप्रीत कौर को अर्जुन पुरस्कार देते राष्ट्रपति कोविंद

खेल रत्न में साढ़े सात लाख की पुरस्कार राशि दी गई जबकि अर्जुन, द्रोणाचार्य और ध्यानचंद में पांच-पांच लाख रुपए की पुरस्कार राशि दी गई।

गोल्फर SSP चौरसिया को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित करते राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद

इस दौरान राष्ट्रपति ने व्यवसायी मुकेश अंबानी की पत्नी नीता अंबानी के रिलायंस फाउंडेशन यूथ स्पोर्ट्स को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार से सम्मानित किया।

राष्ट्रपति नीता अंबानी को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार देते हुए

अर्जुन, द्रोणाचार्य और ध्‍यानचंद पुरस्‍कार से सम्‍मानित किए गए खिलाड़ी

अर्जुन अवार्ड: हरमनप्रीत कौर (क्रिकेट), चेतेश्वर पुजारा (क्रिकेट), वरुण सिंह भाटी (पैराएथलीट), प्रशांती सिंह (बास्केटबॉल), ओनम बेमबेम देवी (महिला फुटबॉल), एसएसपी चौरसिया (गोल्फ), साकेत मिनैनी (टेनिस), मरियपन्न थंगावेलू (पैराएथलीट), वीजे सुरेखा (तीरंदाजी), खुशबीर कौर (एथलेटिक्स), आरोकिया राजीव (एथलेटिक्स), एसवी सुनील (हॉकी), सत्यव्रत कादियान (कुश्ती), एंथोनी अमलराज (टेबल टेनिस), पीएन प्रकाश (निशानेबाजी), देवेंद्रो सिंह (मुक्केबाजी) और जसवीर सिंह (कबड्डी)

ध्यानचंद अवार्ड: सैयद शाहिद हकीम (फुटबॉल), भूपेंद्र सिंह (एथलेटिक्स) और सुमरई टेटे (हॉकी)।

द्रोणाचार्य पुरस्कार: हीरानंद कटारिया (कबड्डी) और स्वर्गीय डा. रामकृष्णन गांधी (एथलेटिक्स)।

लाइफटाइम द्रोणाचार्य अवार्ड: बृजभूषण मोहंती (मुक्केबाजी), पीए रफेल (हॉकी), संजय चक्रवर्ती (निशानेबाजी) और रोशन लाल (कुश्ती), जीएसएसवी प्रसाद (बैडमिंटन)।

Exit mobile version