
जोधपुर: गायक और रैपर मीका सिंह ने कहा कि वह अपना जन्मदिन नहीं मनाएंगे। मीका सिंह हाल ही में हुए केके का निधन और पंजाब के मानसा में सिद्धू मूसेवाला की हुई हत्या से काफी दुखी है। इसी कारण से इस वर्ष वह अपना जन्मदिन नहीं मनाएंगे।
उन्होंने कहा कि जब परिवार का कोई सदस्य हमसे दूर चला जाए तो हमें कोई खुशियां नहीं मनानी चाहिए। मीका सिंह ने कहा, “केके के आकस्मिक निधन से मैं काफी दुखी हूं। साथ ही मेरे छोटे भाई सिद्धू मूसेवाला की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी, इस वजह से मैं और भी ज्यादा दुखी हूं। इसी कारण से मैंने इस वर्ष अपना जन्मदिन नहीं मनाने का फैसला किया है।”
मीका सिंह का जन्मदिन 10 जून को आने वाला है, लेकिन इस वर्ष वह अपना जन्मदिन नहीं मनाकर केके और मूसेवाला को श्रद्धांजलि देंगे। देश के मशहूर गायक केके (कृष्ण कुमार कुन्नथ) का 31 मई को कोलकाता में एक कॉन्सर्ट के बाद निधन हो गया था। कॉन्सर्ट के बाद केके की अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
इसके साथ ही पंजाब के मानसा में 29 मई को पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। (वार्ता)
Published : 8 June 2022, 3:52 PM IST
Topics : Jodhpur Krishna Kumar Kunnath Mika Singh Sidhu Musewala कृष्ण कुमार कुन्नथ गायक जन्मदिन जोधपुर रैपर मीका सिंह सिद्धू मूसेवाला