ईंट भट्ठा पर चल रहा था हिन्दू नाबालिग लड़की के साथ निकाह, दोनों को थाने लाकर पुलिस ने दर्ज किया केस

जनपद के सोनौली थाने पर एक अनोखा मामला सामने आया है। एक मुस्लिम युवक हिंदू लड़की के साथ ईंट भट्ठा पर निकाह कर रहा था। लड़की के पिता ने थाने पर लगाई गुहार। पढें डाइनामाइट न्यूज की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 27 March 2024, 9:37 PM IST

सोनौली (महराजगंज): सोनौली थाना क्षेत्र अंतर्गत परसा शिमाली निवासी अजय पुत्र भदई ईंट भट्ठा पर कार्य करते हैं। अजय की लड़की को एक मुस्लिम युवक दस दिन पूर्व कहीं भगा ले गया था। बुधवार को पीड़ित अजय को किसी ने सूचना दी कि ईंट भट्ठा पर तुम्हारी लड़की के साथ मुस्लिम युवक का निकाह कराया जा रहा है। पीड़ित अजय ने सोनौली कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक व युवती को हिरासत में ले लिया है। 
यह रहा पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार थाना सोनौली अंतर्गत एक भट्ठा पर बंगाल का निवासी अकबर बचपन से ट्रेक्टर चलाने का कार्य करता है। इसका पूरा परिवार अन्य भट्ठा पर मजदूरी करता है। परसा शिमाली निवासी अजय पुत्र भदई भी एक अन्य ईंट भट्ठा पर कार्य करते हैं। अजय की लड़की को अकबर करीब दस दिनों पूर्व भगा ले गया था। बुधवार को जब पीड़ित अजय को निकाह की बात पता चली तो वह थाने पहुंचा। सोनौली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक व युवती को पकड़कर थाने लाई है। 

बोले थानाध्यक्ष
इस संबंध में सोनौली थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि युवक व युवती को पकड़कर थाने लाया गया है। लड़की की जांच कराई जाएगी। पूछताछ में दोनों ने एक मंदिर में हिंदू रीति रिवाज से शादी करने की बात कही है। गिरफ्तार  युवक अकबर के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर आगे की कार्यवाही की जा रही है। 

Published : 
  • 27 March 2024, 9:37 PM IST