Site icon Hindi Dynamite News

Manmohan Singh: ‘एक सदी का अंत’, जानिये मनमोहन सिंह के निधन पर दिग्गज हस्तियों ने कैसे जताया शोक

भारत ने अपने एक महान राजनेता, अर्थशास्त्री और पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को खो दिया है। मनमोहन सिंह ने कल गुरूवार को अंतिम सांस ली। डाइनामाइट न्यूज़ की इस रिपोर्ट में जानिये मनमोहन सिंह के निधन पर क्या बोले देश की दिग्गज हस्तियां
Post Published By: डीएन ब्यूरो
Published:
Manmohan Singh: ‘एक सदी का अंत’, जानिये मनमोहन सिंह के निधन पर दिग्गज हस्तियों ने कैसे जताया शोक

नई दिल्ली: देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का कल गुरूवार शाम को 92 साल की उम्र में निधन हो गया। मनमोहन सिंह के निधन पर देश में 7 दिन का राजकीय शोक रहेगा। मनमोहन सिंह के निधन पर पूरा देश शोक में डूबा हुआ है। देश की दिग्गज हस्तियां उनके निधन पर गहरा शोक जता रही है।

डाइनामाइट न्यूज़ की इस रिपोर्ट में जानिये मनमोहन सिंह के निधन पर क्या बोली देश की दिग्गज हस्तियां। 

पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, भारत अपने सबसे प्रतिष्ठित नेताओं में से एक डॉ मनमोहन सिंह जी के निधन पर शोक मना रहा है। साधारण पृष्ठभूमि से उठकर वे एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री बने। उन्होंने वित्त मंत्री सहित विभिन्न सरकारी पदों पर कार्य किया और वर्षों तक हमारी आर्थिक नीति पर अपनी गहरी छाप छोड़ी। संसद में उनके हस्तक्षेप भी बहुत ही व्यावहारिक थे। हमारे प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए व्यापक प्रयास किए। डॉ मनमोहन सिंह जी और मैं उस समय नियमित रूप से बातचीत करते थे जब वे प्रधानमंत्री थे और मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था। हम शासन से संबंधित विभिन्न विषयों पर गहन विचार-विमर्श करते थे। उनकी बुद्धिमत्ता और विनम्रता हमेशा देखने को मिलती थी। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं डॉ मनमोहन सिंह जी के परिवार, उनके मित्रों और असंख्य प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।

 

राष्ट्रपति ने कियो शोक प्रकट

वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी उन विरल राजनेताओं में से एक थे, जिन्होंने शिक्षा जगत और प्रशासन दोनों में समान रूप से सहजता से काम किया। सार्वजनिक कार्यालयों में अपनी विभिन्न भूमिकाओं में, उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था को सुधारने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्हें राष्ट्र के प्रति उनकी सेवा, उनके बेदाग राजनीतिक जीवन और उनकी अत्यंत विनम्रता के लिए हमेशा याद किया जाएगा। उनका जाना हम सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति है। मैं भारत के महानतम सपूतों में से एक को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं और उनके परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं। 

 

'भारत के आर्थिक परिदृश्य को बदल दिया'

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक प्रकट करते हुए लिखा, पूर्व प्रधानमंत्री और भारत के आर्थिक परिदृश्य को बदलने वाले प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। उनकी विरासत हमेशा भारत के विकास पथ का मार्गदर्शन करेगी।

 

'आज एक सदी का अंत हुआ है'

कांग्रेस नेता शशि थरूर ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा,
याद रखेगी दुनिया के, कभी,
ऐसा भी कोई संत हुआ है
आज एक सदी का अंत हुआ है, 
आज एक सदी का अंत हुआ! 

 

राहुल गांधी ने खोया मार्गदर्शक

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पूर्व पीएम के निधन पर लिखा, मनमोहन सिंह जी ने बहुत ही बुद्धिमत्ता और ईमानदारी के साथ भारत का नेतृत्व किया। उनकी विनम्रता और अर्थशास्त्र की गहरी समझ ने पूरे देश को प्रेरित किया। श्रीमती कौर और उनके परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। मैंने एक मार्गदर्शक खो दिया है।

Exit mobile version