Site icon Hindi Dynamite News

महराजगंज जिला जेल पहुंचे DM और SP, खूंखार कैदियों को लेकर बड़ा निर्देश

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सोमवार को जिला जेल का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मनबढ़ और खूंखार कैदियों को सख्त आदेश भी दिये। जानिए डाइनामाइट न्यूज पर पूरी खबर
Post Published By: डीएन ब्यूरो
Published:
महराजगंज जिला जेल पहुंचे DM और SP, खूंखार कैदियों को लेकर बड़ा निर्देश

महराजगंज: जिलाधिकारी अनुनय झा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने सोमवार को जिला जेल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुरुष बैरक, महिला बैरक, अल्प वयस्क बंदी बैरक, जेल अस्पताल और पाकशाला आदि का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार दोनों अधिकारियों ने जेल व्यवस्था और साफ-सफाई पर प्रसन्नता व्यक्त की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कहा की मनबढ़ और खूंखार कैदियों पर पूरी सख्ती बरती जाए। इस दौरान विदेशी बंदियों सहित अन्य बंदियों से मुलाकात की और उनका हालचाल लिया और बंदियों की समस्याओं को भी सुना।

विदेशी बंदियों द्वारा उनकी न्यायालय में समुचित पैरवी न होने पाने का मुद्दा जिलाधिकारी के समक्ष उठाया गया। जिलाधिकारी ने जेल अधीक्षक को नियमानुसार उनके अधिवक्ताओं से मुलाकात करवाकर उनके मामलों को मा. न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करवाने का निर्देश दिया।

साथ ही उन्होंने गरीब बंदियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से समन्वय करते हुए निशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध करवाने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने बंदियों से जेल प्रशासन द्वारा मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली और जेल प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने जेल अस्पताल का भी निरीक्षण किया जेल अस्पताल में कुल 11 बंदी भर्ती थे।

उन्होंने बंदियों की नियमित जांच का निर्देश देते हुए कहा कि आवश्यक होने पर ही बंदियों को अस्पताल वार्ड में रखें। साथ ही सभी वार्डों व बंदियों की नियमित जाँच करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा जेल प्रशासन जेल मैन्युअल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराये। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक प्रभात सिंह, सहित अन्य कारागार अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।

Exit mobile version