
भोपाल: केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां माधवी राजे सिंधिया का निधन हो गया है। वे पिछले तीन महीने से दिल्ली एम्स में भर्ती थीं। उनके निधन से दिल्ली से लेकर मध्य प्रदेश तक शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन से ग्वालियर राजघराने को बड़ी क्षति पहुंची है। सूत्र बताते हैं कि उन्होंने दिल्ली एम्स में सुबह 9:30 बजे अंतिम सांस ली।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार वे कुछ समय से वेंटिलेटर पर थीं। उनका यहां सेप्सिस के साथ निमोनिया का इलाज चल रहा था। इधर, ग्वालियर में सिंधिया परिवार की छत्री पर अंतिम संस्कार से जुड़ी तैयारी शुरू हो गई है।
माधवी राजे के अंतिम संस्कार के लिए यहां चबूतरा तैयार किया जा रहा है। स्व. माधवराव सिंधिया की छत्री के पीछे होगा माधवी राजे का अंतिम संस्कार। बता दें, सिंधिया परिवार के सभी सदस्यों का अंतिम संस्कार कटोरा ताल स्थित छत्री में ही किया जाता है।
उनके निधन पर संस्कृति, पर्यटन धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने ट्वीट कर दुःख व्यक्त किया है। लोधी ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की पूजनीय माताजी माधवी राजे सिंधिया के निधन का दु:खद समाचार मिला। परमात्मा से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति दें, ॐ शांति शांति!!’
Published : 15 May 2024, 11:51 AM IST
Topics : Jyotiraditya Scindia Madhavi Raje mother passes away Union Minister केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया निधन मां माधवी राजे