यूपी में महिला सुरक्षा के लिए शक्ति परी विंग का होगा गठन: डीजीपी

डीजीपी सुलखान सिंह ने नारी सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ करते हुए कहा कि ट्विटर पर उनके द्वारा किए गए संवाद से कई महत्वपूर्ण सुझाव जनता की तरफ से उन्हें मिले हैं, जिन्हें जल्द ही अपराधों को रोकने के लिए अमल में लाया जाएगा।

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 4 December 2017, 1:15 PM IST

लखनऊ: राज्य के डीजीपी सुलखान सिंह ने आज नारी सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ करते हुए कहा कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा के लिए शक्ति परी के नाम से एक अलग विंग जल्द गठित की जाएगी। इस विंग में सभी महिलाएं होंगी। इसके लिये एक हजार बाइकों का भी इंतजाम किया जा रहा है। महिलाओं की सुरक्षा को प्रभावशाली तरीके से लागू किया जायेगा और कई कार्यक्रमों का आयोजन कर आम लोगों से भी इस बारे में सुझाव भी लिए जाएंगे।

 

 

राज्य में 4 से 10 दिसंबर तक चलने वाले नारी सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ आईटी कालेज मे एक कार्यक्रम आयोजित कर किया गया। जिसमें डीजीपी सुलखान सहित अन्य आला अफसर भी मौजूद रहे। डीजीपी ने कहा कि आज समाज बदल रहा है और यही कारण है कि अब लिंगभेद में भी को लेकर भी लोगों की सोच में काफी परिवर्तन आया है। उन्होंने महिलाओं से भी अपनी सुरक्षा को लेकर जागरूक रहने को कहा है।

उन्होंने कहा कि आज सौ प्रतिशत FIR थानों में दर्ज हो रही है साथ ही महिला अपराध के मामले में पुलिस त्वरित कार्यवाही कर दोषियों को सजा दिलाने का काम कर रही है। इसके अलावा प्रदेश के भीड़ भाड़ वाले इलाकों में एंटी रोमियो स्क्वायड तैनात किए गए हैं। जिन क्षेत्रों से सुरक्षा बल की कमी की बात सामने आ रही है, वहां महिला पुलिस कर्मियों की तादाद को भी बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया की महिलाओं की सुरक्षा के लिए डायल 100, महिला हेल्पलाइन 1090, 24 घंटे काम कर रहे हैं। 

डीजीपी सुलखान सिंह ने कहा कि ट्विटर पर उनके द्वारा किए गए संवाद से उनको कई महत्वपूर्ण सुझाव जनता की तरफ से मिले हैं,जिन्हें जल्द ही अपराधों को रोकने के लिए अमल में लाया जाएगा।
 

Published : 
  • 4 December 2017, 1:15 PM IST

No related posts found.